Live VNS

गुरुग्राम में मेटा के कार्यालय पर हरियाणा युवा कांग्रेस ने जड़ा ताला

गुरुग्राम में मेटा के कार्यालय पर हरियाणा युवा कांग्रेस ने जड़ा ताला

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-आरोप, भाजपा के इशारे पर लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश

-पुलिस ने मौके से सभी लोगों को किया डिटेन, बाद में छोड़ा

-कांग्रेस नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट बंद करने पर जताया विरोध

गुरुग्राम, 20 नवंबर (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब एवं राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट बंद किए जाने के विरोध में हरियाणा युवा कांग्रेस ने मेटा के कार्यालय पर ताला जडक़र अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान युवा कांग्रेस ने मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे विपक्ष की आवाज दबाने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को प्रभावित करने वाला गंभीर मामला बताया। इस दौरान स्थानीय थाना पुलिस ने कांग्रेसियों को डिटेन कर लिया। बाद में सभी को छोड़ा गया।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित निशित कटारिया ने कहा कि आज देश में एक अजीब स्थिति पैदा की जा रही है। जो भी सरकार से सवाल पूछता है, जो भी युवाओं के रोजगार, महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता के मुद्दों पर आवाज उठाता है, उसकी आवाज को दबाने के प्रयास किए जाते हैं। अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी इस तरह की कार्रवाई करेंगे तो लोकतंत्र में जनता अपनी बात कहां रखेगी। उन्होंने सवाल किया कि आखिर मेटा ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंंस्टाग्राम अकाउंट किसके आदेश पर बंद किए। क्या मेटा किसी राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है। यदि कार्रवाई किसी नियम के तहत हुई है तो उसके स्पष्ट कारण सार्वजनिक किए जाएं। देश को यह जानने का अधिकार है कि आखिर विपक्ष की आवाज पर बार-बार कार्रवाई क्यों हो रही है।

उन्होंने कहा कि मेटा भारत में कारोबार करने वाली एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी है। उसका दायित्व एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी डिजिटल मंच उपलब्ध करवाना है। उसे किसी भी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में खड़े होने के बजाय अपने नियमों का निष्पक्ष पालन करना चाहिए। भाजपा नेताओं के अकाउंट और विपक्षी नेताओं के अकाउंट के साथ होने वाले व्यवहार में कोई अंतर है तो मेटा को उसका जवाब देना चाहिए। इस प्रदर्शन में मुख्य तौर पर अभिषेक यादव जिला अध्यक्ष, अमरजीत गुर्जर जिला अध्यक्ष गुरुग्राम ग्रामीण, मोहित तंवर जिला उपाध्यक्ष, गौतम यादव जिला उपाध्यक्ष, करुण तंवर, ओजस्वी व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…