गुरु नानक देव जी के विचार आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं: डॉ. चक्रपाणि हिमांशु

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश उत्सव के पावन अवसर पर मंगलवार को गुरुद्वारा रोड स्थित गुरुद्वारे में भव्य आयोजन किया गया।
इस मौके पर बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने गुरुद्वारे में पहुंचकर माथा टेका और प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि के लिए अरदास की।
गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि गुरु नानक देव जी के विचार आज के दौर में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। प्रकाश पर्व के रूप में मनाई जाने वाली गुरु नानक जयंती सिख धर्म की सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण धरोहर है। यह पर्व केवल सिख समुदाय ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता को प्रेम, एकता, समानता और निस्वार्थ सेवा का संदेश देता है।
उन्होंने आगे कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास और जातिगत भेदभाव का पुरजोर विरोध किया और एक ऐसे समतामूलक समाज की कल्पना की जहां सभी मनुष्य समान हों। उनके उपदेश हमें विश्व शांति, आपसी सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रकाश पर्व का उत्सव मुख्य तिथि से दो दिन पूर्व ही आरंभ हो जाता है और इस दौरान देश-विदेश के गुरुद्वारों को फूलों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया जाता है।
भागलपुर गुरुद्वारे में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक खेमचंद बचयानी, अध्यक्ष सरदार ताजिंदर सिंह, सचिव सरदार बलवीर सिंह, उपाध्यक्ष सरदार हरविंदर सिंह भंडारी, मीडिया प्रभारी सरदार हरप्रीत सिंह और कोषाध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर