Live VNS

गुवाहाटी में तीसरे नॉर्थ ईस्ट पैरा स्पोर्ट्स मीट में जुटेंगे 700 खिलाड़ी

गुवाहाटी में तीसरे नॉर्थ ईस्ट पैरा स्पोर्ट्स मीट में जुटेंगे 700 खिलाड़ी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

गुवाहाटी, 23 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी में 27 से 29 नवंबर तक तीसरे नॉर्थ ईस्ट पैरा स्पोर्ट्स मीट 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों के लगभग 700 पैरा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस बार पड़ोसी देश भूटान और नेपाल के खिलाड़ी भी पहली बार प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

उदयाचल और पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ असम (पीएए) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन गुवाहाटी के तीन स्थानों पर किया जाएगा। इनमें सरुसजाई स्थित अर्जुन भोगेश्वर बरुवा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, उदयाचल और वंद्या इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया इस प्रतियोगिता की अनुमोदनकर्ता संस्था है।

आयोजकों ने सोमवार को गुवाहाटी में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में प्रतियोगिता के आधिकारिक शुभंकर, जर्सी और ट्रॉफी का अनावरण किया। इस वर्ष के आयोजन का शुभंकर 'पुहोर' रखा गया है, जिसका अर्थ प्रकाश की किरण है। यह आशा, शक्ति, दृढ़ संकल्प और समावेशिता का प्रतीक है।

नवंबर 2025 में आयोजित दूसरे संस्करण में लगभग 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस बार खिलाड़ियों की संख्या बढ़कर करीब 700 होने की उम्मीद है। भूटान और नेपाल की भागीदारी से प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप भी मिलेगा।

पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ असम की मुख्य संरक्षक एवं प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की अध्यक्ष प्रबंध निदेशक रिंकी भुइयां शर्मा इस आयोजन से मुख्य संरक्षक के रूप में जुड़ी हैं। राजीब डे एसोसिएशन के सचिव और सैयद जरीर हुसैन प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट्स के उपाध्यक्ष हैं।

आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पैरा खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, खेलों में समान अवसर सुनिश्चित करना तथा समाज में समावेशिता और दृढ़ संकल्प की भावना को बढ़ावा देना है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…