ग्वालियर में इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग, 25 मकानों को कराया खाली

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
ग्वालियर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के जनकगंज इलाके में शनिवार रात इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी धर्मेंद्र जैन के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। रात करीब 9 बजे मकान से आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास घनी आबादी और पास में कपड़े बनाने की फैक्ट्री होने के कारण आग फैलने का खतरा बढ़ गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन और पुलिस ने आसपास के करीब 25 मकानों को खाली कराया। इनमें रहने वाले 100 से 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम की 24 दमकल गाड़ियों और एयरफोर्स की एक गाड़ी को लगाया गया। दमकलकर्मियों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद रात 2 बजे आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से मकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। घटना के समय धर्मेंद्र जैन अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ मंदिर दर्शन के लिए गए हुए थे। उनकी बहन सविता जैन ने बताया कि भाभी का फोन आया था। उन्होंने घर में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद परिवार रास्ते से ही वापस लौट आया। धर्मेंद्र जैन अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहते हैं, जबकि उनके माता-पिता दानोली में रहते हैं।
बगल में चलती है कपड़े बनाने की फैक्ट्री
आग लगे मकान के पास ही नितिन का घर है, जहां लोअर और टी-शर्ट बनाने की फैक्ट्री संचालित होती है। आसपास मकानों की घनी बसाहट होने के कारण आग दूसरी इमारतों तक पहुंचने की आशंका थी। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल आसपास के घर खाली कराए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
मकान में मिला भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर
दमकलकर्मियों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। टीमों के मौके पर पहुंचने तक आग मकान की ऊपरी मंजिल तक फैल चुकी थी। आग बुझाने के दौरान मकान में पूरी तरह भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर भी मिला। दमकलकर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए सिलेंडर को सुरक्षित किया। यदि वह आग की चपेट में आता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे