Live VNS

नगर निगम कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मंडी, 13 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हरीश कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन ठाकुर के संयुक्त नेतृत्व में नगर निगम मंडी के कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने ऐतिहासिक सेरी मंच के समक्ष आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को नगर निगम एवं अन्य स्थानीय निकायों के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा 17 अप्रैल 2023 एवं 4 मई 2023 को जारी अधिसूचनाओं के माध्यम से प्रदेश के कर्मचारियों के लिए नई पेंशन व्यवस्था समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का निर्णय लिया गया था। प्रदेश सरकार के इस निर्णय का नगर निगम कर्मचारियों ने भी स्वागत किया था। लेकिन नगर निगमों एवं अन्य स्थानीय निकायों में कार्यरत कर्मचारियों को अभी तक पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। इस कारण इन निकायों में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारी इस लाभ से वंचित हैं।

संघ ने मुख्यमंत्री महोदय को अवगत करवाया कि उनके द्वारा विभिन्न मंचों से नगर निगमों एवं अन्य स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन योजना के दायरे में लाने तथा इसे लागू करने के संबंध में घोषणाएं की गई हैं। कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री महोदय से आग्रह किया कि इन घोषणाओं को शीघ्र अतिशीघ्र अमलीजामा पहनाते हुए नगर निगमों एवं अन्य स्थानीय निकायों में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों के लिए भी पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए, ताकि उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…