हंसल सिंह बने 'शरन्य राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन' के बिहार प्रदेश अध्यक्ष

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। शरन्य राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के स्थानीय प्रधान कार्यालय में गुरुवार को आयोजित राष्ट्रीय एवं बिहार प्रदेश कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक में हंसल सिंह को सर्वसम्मति से संस्था का बिहार प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ईशान सिन्हा ने की। संगठन से पिछले पाँच वर्षों से जुड़े हंसल सिंह को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए सौंपी गई है। उन्होंने लगातार गरीब, पिछड़े और दबे-कुचले वर्ग के लोगों की हर संभव सहायता कर समाज में अपनी एक सकारात्मक और मजबूत छवि बनाई है। कोर कमेटी के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि हंसल सिंह के नेतृत्व में पूरे बिहार में मानवाधिकारों की रक्षा होगी और हर जरूरतमंद तक समय पर मदद पहुँचेगी। इसके साथ ही, प्रशासनिक स्तर पर समन्वय स्थापित कर समाज के विकास तथा केंद्र और बिहार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने का कार्य और अधिक तेजी से किया जाएगा। इस निर्णय के दौरान बैठक में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से दिनेश प्रसाद सिंह (प्रधान संरक्षक एवं सेवानिवृत्त जिला व सत्र न्यायाधीश), एडवोकेट रेणु मीणा (राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष), एडवोकेट रवीश कुमार (राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार), एडवोकेट राजेश कुमार जायसवाल (प्रदेश सुरक्षा सलाहकार), विकास कुमार श्रीवास्तव एवं एडवोकेट कुणाल कुमार सिंह (राष्ट्रीय सचिव), सोनू कुमार (बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष), विशाल कुमार (बिहार प्रदेश सचिव) और रजनीश कुमार सिंह (बिहार प्रदेश महामंत्री) शामिल रहे। बैठक के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने नवनियुक्त बिहार प्रदेश अध्यक्ष हंसल सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए अनंत शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर