Live VNS

देहरादून को पांच अकों के हराकर हरिद्वार बना कबड्डी का चैंपियन

देहरादून को पांच अकों के हराकर हरिद्वार बना कबड्डी का चैंपियन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई टिहरी, 28 नवंबर (हि.स.)। त्रिवेणी कौथिग एवं पर्यटन महोत्सव में जिला मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष कबड्डी चौंपियनशिप के रोमांचक फाइनल में हरिद्वार की टीम विजेता बनी। देहरादून को 42-37 अंकों से पराजित कर हरिद्वार की टीम ने शानदार खेल दिखाया।

शनिवार को बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में देहरादून ने रुद्रप्रयाग को 34-27 अंकों से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में हरिद्वार ने टिहरी की टीम को 30-20 अंकों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और दमखम का प्रदर्शन किया। अंत में हरिद्वार ने पांच अंकों के अंतर से जीत दर्ज की। नगरपालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के टेक्निकल ऑफिशियल मनोज नेगी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि टिहरी को सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का केंद्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

आयोजन को सफल बनाने में खेल समन्वयक हरिद्वार अजेश कुमार, फेडरेशन के जिला सचिव दिनेश कैंतुरा, जिला फेडरेशन अध्यक्ष यशपाल रावत, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी मनोज नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर नागरिक मंच के संरक्षक कमल सिंह महर, कमल नयन रतूड़ी, हनुमंत महर, सतीश बलूनी, दिनेश रावत, चक्रधर भद्री, भरतराम बडोनी, राजेंद्र डोभाल, नरेश मोहन भट्ट, दर्शन गुसाईं, चंद्रवीर नेगी, टीटी राणा, सभासद मानवेंद्र रावत आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…