हरियाणा सरकार प्रदेश भर में खुलेंगी 2,651 फेयर प्राइस शॉप्स
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
चंडीगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने गरीब और पात्र परिवारों के लिए राशन डिपो की पहुंच को बेहतर बनाने के लिए राज्यभर में 2,651 उचित मूल्य की दुकानें खोलने का निर्णय लिया है। हाल ही में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग ने प्रदेश में खाली पड़ी 2,651 उचित मूल्य की दुकानों (फेयर प्राइस शॉप्स) के लिए लाइसेंस हेतु ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब इच्छुक आवेदक 25 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकतें हैं, जबकि पहले इसकी अंतिम तिथि 10 नवंबर, 2026 निर्धारित थी।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि फेयर प्राइस शॉप्स के माध्यम से विशेष रूप से उन दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचाया जाएगा, जहां मौजूदा डिपो काफी दूर स्थित हैं। इस योजना से न केवल सार्वजनिक वितरण प्रणाली मजबूत होगी, बल्कि युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
इसके साथ ही, इस पूरी प्रक्रिया में महिलाओं के लिए 33त्न आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जिससे जमीनी स्तर पर महिला सशक्तिकरण को भी एक नया बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस पोर्टल की शुरुआत हरियाणा के मुख्यमंत्री द्वारा 10 अक्टूबर, 2026 को की गई थी। उन्होंने आगे बताया कि योग्य आवेदक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से 25 नवंबर, 2026 तक अपने आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। रिक्त उचित मूल्य की दुकानों का जिला-वार और गांव-वार विवरण भी विभाग की वेबसाइट और संबंधित जिला प्रशासन की वेबसाइटों पर देखा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा