हरियाणा में एचकेआरएनएल व पार्ट-2 के कर्मचारियों को राहत
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
चंडीगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों में कार्यरत अनुबंध कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग नीति के पार्ट-2 के तहत लगे कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने इन कर्मचारियों की अनुबंध अवधि दो महीने बढ़ाकर अब 31 दिसंबर 2026 तक कर दी है। इस संबंध में मानव संसाधन विभाग ने 11 नवंबर को आदेश जारी कर दिए हैं।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, आउटसोर्सिंग नीति के पार्ट-2 के तहत स्वीकृत पदों पर कार्यरत कर्मचारियों की सेवा अवधि पहले 31 अक्तूबर 2026 तक बढ़ाई गई थी। अब सरकार ने इस अवधि को 1 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाने का फैसला लिया है। इसी तरह हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों में लगाए गए अनुबंध कर्मचारियों की अवधि भी 31 अक्तूबर को समाप्त हो गई थी। सरकार ने इन कर्मचारियों की सेवाएं भी दो महीने के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सेवा अवधि बढ़ाने का लाभ हरियाणा कौशल रोजगार निगम के 25 मार्च, 2025 के ज्ञापन संख्या 8018 में तय शर्तों का पालन करने पर ही मिलेगा। सरकार ने सभी विभागों, बोर्डों और निगमों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा