सादाबाद मंडी समिति में अतिक्रमण से बिगड़ी व्यवस्था, कार्यालय के मुख्य रास्ते तक लगे सब्जियों के फड़

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
हाथरस, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की सादाबाद कृषि उत्पादन मंडी समिति में अतिक्रमण के चलते व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। सब्जी विक्रेताओं ने आवंटित टीन शेड से बाहर निकलकर सड़क और मंडी समिति कार्यालय के सामने तक फड़ लगा लिए हैं। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही मंडी में आने वाले व्यापारियों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आगरा रोड स्थित मंडी समिति में सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित कारोबार के लिए टीन शेड के नीचे स्थान आवंटित किए गए हैं। इसके लिए संबंधित विक्रेताओं को लाइसेंस भी जारी किए गए हैं। इसके बावजूद कुछ विक्रेता निर्धारित स्थान से आगे बढ़कर सड़क और अन्य खाली जगहों पर फड़ लगाकर कारोबार कर रहे हैं। धीरे-धीरे अतिक्रमण का दायरा बढ़ते हुए मंडी समिति कार्यालय के मुख्य रास्ते तक पहुंच गया है।
स्थिति यह है कि कार्यालय के सामने सब्जियों के फड़ लगने से अधिकारियों और कर्मचारियों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। मंडी में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी रास्ता निकालने में दिक्कत हो रही है। मंडी परिसर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से अव्यवस्थाएं बढ़ती जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर कुछ विक्रेताओं को आवंटित स्थान से बाहर कारोबार करने की छूट दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में मंडी समिति के सचिव रुद्रांश शर्मा ने बताया कि जमीन पर फड़ लगाकर कारोबार करने वाले कुछ लोगों के पास लाइसेंस हैं, लेकिन कार्यालय के सामने फड़ लगाना गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय के सामने किसी भी फड़ को नहीं लगने दिया जाएगा। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना