Live VNS

दो बेटियां होना बना गुनाह, 2020 से घर से बेघर हूं, पति के घर के बाहर धरने पर बैठी महिला ने सुनाई आपबीती

दो बेटियां होना बना गुनाह, 2020 से घर से बेघर हूं, पति के घर के बाहर धरने पर बैठी महिला ने सुनाई आपबीती

BK Pathak ·

महिला बोलीं- 14 साल इसी घर में बिताए, अब भाई के घर कब तक रहूं

दोनों बेटियों के साथ अपने घर में रहने की मांग

वाराणसी। दो बेटियां होना क्या गुनाह है? क्या बेटियों की मां को अपने ही घर में रहने का अधिकार नहीं है? यह सवाल पति के घर के बाहर धरने पर बैठीं पिंकी पांडे का है। उनका आरोप है कि दो बेटियां होने के बाद पति और ससुराल के लोगों का व्यवहार उनके प्रति बदल गया। प्रताड़ना के बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया। वर्ष 2020 से वह अपने भाई के घर रह रही हैं और तभी से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई मदद नहीं मिली।

पिंकी ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2007 में हुई थी। पिता नहीं थे, ऐसे में उनके मामा ने दान-दहेज देकर शादी की थी। शादी के बाद उन्होंने करीब 14 साल इसी घर में बिताए। उनके पति प्राथमिक विद्यालय पचराव में शिक्षक हैं। पिंकी का आरोप है कि पति अपनी भाभी के कहने पर चलते हैं और बेटियां पैदा होने के बाद से उनके साथ प्रताड़ना बढ़ गई। उनके साथ मारपीट की गई और घर से बाहर निकाल दिया गया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 से पति की ओर से तलाक का मुकदमा न्यायालय में चल रहा है। घर से निकाले जाने के बाद से वह अपने भाई के यहां रह रही हैं। पिंकी का कहना है कि भाई कब तक उनका और उनकी बेटियों का खर्च उठाएगा। वह भाई पर बोझ नहीं बनना चाहतीं। उनकी इच्छा है कि वह अपनी दोनों बेटियों के साथ अपने घर में सम्मानपूर्वक रह सकें।

पति के घर के बाहर धरने पर बैठीं पिंकी ने सरकार और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि वह अपने घर में रहना चाहती हैं और उनकी दोनों बेटियों को भी उनका अधिकार मिलना चाहिए।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…