Live VNS

स्मैक, हथियार और 42 हजार नकद के साथ दो गिरफ्तार

स्मैक, हथियार और 42 हजार नकद के साथ दो गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भागलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ विशेष अभियान के तहत भागलपुर पुलिस को नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर में पुलिस ने छापामारी कर 10.50 ग्राम स्मैक, एक देशी कट्टा और 42,130 रुपये नकद के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, मौके से तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है।

एसएसपी कार्यालय से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस कार्रवाई की जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चिन्हित हॉटस्पॉट पर लगातार छापामारी की जा रही है।

इसी क्रम में मधुसूदनपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि किशनपुर निवासी सोनू कुमार अपने घर पर कुछ लोगों के साथ मिलकर स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसएसपी के निर्देशन, सिटी एसपी की निगरानी और डीएसपी नगर-02 व मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने जब किशनपुर स्थित सोनू कुमार के घर पर दबिश दी, तो पुलिस बल को देखकर कुछ लोग भागने लगे। सशस्त्र बल के सहयोग से घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान घर से स्मैक, हथियार और नकदी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से किशनपुर निवासी सोनू कुमार (पिता- अशोक यादव) और नीतीश कुमार (पिता- नरेश यादव) को विधिवत गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। इस दौरान पुलिस ने स्मैक10.50 ग्राम, 01 देशी कट्टा, नकद 42,130 रुपये, 08 मोबाइल फोन, 01 इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन (तराजू) और 01 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल, पु.अ.नि. चन्द्रभूषण प्रसाद और पृ.अ.नि. अजित कुमार झा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…