Live VNS

मप्रः भोपाल गैस पीड़ितों की चिकित्सा व्यवस्था पर अब विशेष पीठ करेगी सुनवाई

मप्रः भोपाल गैस पीड़ितों की चिकित्सा व्यवस्था पर अब विशेष पीठ करेगी सुनवाई

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जबलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण आदेश दिया है। हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की डिवीजन बेंच ने शनिवार को जनहित याचिका को विशेष पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 29 जनवरी को होगी।

यह याचिका भोपाल गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई थी। इसमें गैस त्रासदी से प्रभावित लोगों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, मुफ्त दवाओं की उपलब्धता और लंबे समय तक उपचार एवं देखभाल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही इसे स्थानीय स्तर पर प्रभावी निगरानी के लिए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट स्थानांतरित कर दिया था। इसके बाद से हाईकोर्ट गैस पीड़ितों के इलाज, स्वास्थ्य सुविधाओं और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों की नियमित समीक्षा कर रहा है।

हालिया सुनवाई में डिवीजन बेंच ने प्रकरण के व्यापक जनहित और संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष पीठ से सुनवाई कराने का निर्णय लिया। अब 29 जनवरी को विशेष पीठ गैस पीड़ितों की चिकित्सा सुविधाओं और उपचार व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर सुनवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…