Live VNS

शिमला के दरोटी में डेढ़ सौ साल पुरानी पशु बलि की परंपरा खत्म

शिमला के दरोटी में डेढ़ सौ साल पुरानी पशु बलि की परंपरा खत्म

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिमला, 22 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ों में देवी-देवताओं के नाम पर पशु बलि की सदियों पुरानी परंपरा को बदलने की एक नई मिसाल सामने आई है। शिमला जिले के रोहडू उपमण्डल के नावर इलाके के दरोटी गांव में ग्रामीणों ने नागरकोटी माता दरोटेश्वरी मंदिर में करीब 150 वर्षों से चली आ रही पशु बलि की परंपरा समाप्त कर दी है। अब मंदिर में होने वाले सभी धार्मिक आयोजनों में पशु बलि नहीं दी जाएगी। ग्रामीणों और देव समाज ने इसके स्थान पर सात्विक और अहिंसक तरीके से धार्मिक अनुष्ठान करने का निर्णय लिया है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बने मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में इस नई परंपरा की शुरुआत हुई। 20 और 21 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय समारोह में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

मंदिर के पुजारी वेद प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि नागरकोटी माता मंदिर में पहले पशु बलि देना स्थापित परंपरा थी। करीब दो महीने पहले ग्रामीणों और देव समाज ने आपसी सहमति से इसे बंद करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि समय के साथ धार्मिक परंपराओं में सकारात्मक बदलाव जरूरी हैं। इससे समाज को नई दिशा मिलेगी और आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुरक्षित रखा जा सकेगा। हिमाचल प्रदेश के कई पहाड़ी मंदिरों में पहले धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान बकरे और भेड़ की बलि देने की परंपरा रही है। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने एक सितंबर 2014 को सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक समारोहों में पशु बलि पर पूरे प्रदेश में प्रतिबंध लगाया था। दरोटी में ग्रामीणों की यह पहल धार्मिक आयोजनों को पूरी तरह सात्विक और अहिंसक तरीके से संपन्न करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

300 किलोमीटर की धार्मिक यात्रा के बाद संपन्न हुआ प्राण प्रतिष्ठा समारोह

मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले करीब 25 श्रद्धालुओं ने देवी के पवित्र प्रतीकों के साथ एक नवंबर को धार्मिक यात्रा शुरू की थी। श्रद्धालु सबसे पहले कांगड़ा के नागरकोट पहुंचे। इसके बाद ज्वालाजी होते हुए उत्तराखंड के हरिद्वार गए और गंगा स्नान किया। करीब 300 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु 19 नवंबर को दरोटी गांव पहुंचे। 20 नवंबर को समारोह की शुरुआत माता दरोटेश्वरी और नावर क्षेत्र के प्रतिष्ठित देवता नारायण के देव मिलन से हुई। 21 नवंबर को शिखा पूजन सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए और देवता की पालकी के साथ धार्मिक आयोजन में हिस्सा लिया।

सदियों पुराना है माता नागरकोटी मंदिर का इतिहास

दरोटी गांव में स्थित नागरकोटी माता दरोटेश्वरी मंदिर का इतिहास सदियों पुराना माना जाता है। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि माता का मूल स्थान कांगड़ा का नागरकोट है, जहां से कई सौ साल पहले देवी का दरोटी गांव में प्रादुर्भाव हुआ था। इसी मान्यता के चलते प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले श्रद्धालु नागरकोट और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा पर गए। मंदिर में इससे पहले वर्ष 1962 में शांत यज्ञ का आयोजन हुआ था। नए मंदिर का निर्माण करीब एक दशक पहले शुरू किया गया था, जो हाल ही में पूरा हुआ है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस मंदिर की 20 और 21 नवंबर को प्राण प्रतिष्ठा की गई।

कैबिनेट मंत्रियों रोहित ठाकुर और विक्रमादित्य सिंह ने भी नवाया शीश

प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने माता नागरकोटी और देवता नारायण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के लोगों की खुशहाली, समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों को मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए बधाई दी। दोनों मंत्रियों ने कहा कि हिमाचल की देव संस्कृति की अपनी अलग पहचान है। युवाओं को आधुनिक दुनिया के साथ आगे बढ़ने के साथ अपनी मूल संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने इस विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का नावर क्षेत्र से गहरा आत्मीय संबंध रहा है। वीरभद्र सिंह विधायक के रूप में भी इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। उन्होंने कहा कि उन्हें भी क्षेत्र के लोगों से अपने पिता जैसा स्नेह और सम्मान मिला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…