Live VNS

हिंगोनिया गौशाला में गूंजे गौ माता के 108 नाम: 51 कुंडीय यज्ञ के साथ मना गोपाष्टमी महोत्सव

हिंगोनिया गौशाला में गूंजे गौ माता के 108 नाम: 51 कुंडीय यज्ञ के साथ मना गोपाष्टमी महोत्सव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। गोपाष्टमी के अवसर पर मंगलवार को श्री कृष्ण बलराम सेवा ट्रस्ट की ओर से हिंगोनिया गौ पुनर्वास केंद्र में गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस महोत्सव का शुभारंभ सुबह 9 बजे 51 कुंडीय यज्ञ के साथ हुआ। यज्ञ में गौ माता के 108 नामों का आह्वान किया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण से सभी के उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कीर्तन में भाग लेकर भक्ति भाव से भगवान का स्मरण किया।

महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गौ माता का पूजन और आरती की। इसके साथ ही 108 गौ माताओं की विशेष परिक्रमा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए गौ माताओं के लिए विशेष लड्डू तैयार किए गए और उन्हें भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं के लिए गौ माताओं को चारा खिलाने और गौशाला का भ्रमण करने की व्यवस्था भी की गई।

श्री कृष्ण बलराम सेवा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रघुपति दास ने बताया कि महोत्सव में करीब 2,000 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गौशाला परिसर में सभी आगंतुकों के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने गौदर्शन और गौ सेवा के बाद प्रसादी ग्रहण की।

उन्होंने बताया कि कार्तिक शुक्ल अष्टमी को मनाया जाने वाला गोपाष्टमी पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गोचारण लीला के स्मरण से जुड़ा है। वैष्णव परंपरा के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बड़े भाई श्री बलराम और ग्वालबालों के साथ गायों को चराने का कार्य आरंभ किया था। इसी धार्मिक मान्यता के चलते गोपाष्टमी पर गौ पूजन और गौ सेवा का विशेष महत्व माना जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…