गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को आगामी दीक्षांत समारोह में डी.लिट्. की मानद उपाधि

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
अजमेर, 13 नवम्बर(हि.स.)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के कुलगुरु प्रोफेसर सुरेश कुमार अग्रवाल ने आज गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत से आगामी दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की ओर से प्रदान की जाने वाली डी.लिट्. (डॉक्टर ऑफ लिटरेचर) की मानद उपाधि स्वीकार करने का व्यक्तिगत रूप से आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने विश्वविद्यालय द्वारा विगत एक वर्ष में शैक्षणिक गुणवत्ता के संवर्धन, अनुसंधान गतिविधियों के विस्तार, नवाचारों तथा संस्थागत विकास की दिशा में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, शोध, नवाचार एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से भी राज्यपाल को अवगत कराया। आचार्य देवव्रत ने विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल द्वारा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं संस्थागत हित में किए जा रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए विश्वविद्यालय की प्रगति के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर कुलगुरु ने विश्वविद्यालय की मासिक पत्रिका ‘त्रिवेणी’ का विशेषांक आचार्य देवव्रत जी को भेंट किया । साथ ही विश्वविद्यालय के खाद्य एवं पोषण विभाग के विद्यार्थियों द्वारा प्रारंभ किए गए ‘ऑर्गेनिक स्वदेशी श्री अन्न उत्पादों’ की जानकारी प्रदान करते हुए उत्पादों की किट भेंट की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष