जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को वितरित किया जलपान, शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
औरैया, 29 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से रविवार को 50 शैय्या जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को निःशुल्क खाद्य सामग्री वितरित की गई। समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) एवं कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. शिवकुमार सोनी के नेतृत्व में विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों को दूध, ब्रेड, चाय, बिस्कुट और नमकीन वितरित किए गए। इस दौरान मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई।
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि मरीजों को जलपान वितरण की इस अनोखी पहल का शुभारंभ राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर एक जुलाई 2026 को किया गया था। इसके तहत अस्पताल में भर्ती महिला, पुरुष और बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार दूध, चाय, ब्रेड, बिस्कुट, फल सहित अन्य खाद्य सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही जीवन का सर्वोत्तम कार्य है। मरीजों की सेवा और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करना आत्मिक आनंद प्रदान करता है।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. शिवकुमार सोनी ने बताया कि इस सेवा अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा। रविवार को अभियान के तहत मरीजों के साथ सफाई कर्मचारियों को भी खाद्य सामग्री वितरित की गई।
इस मौके पर प्रमुख समाजसेविका मंजू गुप्ता, बैंक से सेवानिवृत्त तेज बहादुर वर्मा, राम आसरे गुप्ता, एलएन गुप्ता, शिखर बिश्नोई (लव), रामचंद्र सोनी, राजीव पोरवाल (रानू) और आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार