Live VNS

24 घंटे ड्यूटी की बाध्यता से परेशान छात्रावास अधीक्षकों ने खोला मोर्चा

24 घंटे ड्यूटी की बाध्यता से परेशान छात्रावास अधीक्षकों ने खोला मोर्चा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

धमतरी, 12 नवंबर (हि.स.)। छात्रावासों में 24 घंटे ड्यूटी की बाध्यता, अवकाश का प्रावधान नहीं होने और पदोन्नति के सीमित अवसरों से परेशान अधीक्षकों ने गुरुवार को धमतरी में प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ की जिला इकाई ने गांधी मैदान में एकदिवसीय सांकेतिक हड़ताल कर पांच सूत्री मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। इसके बाद रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सचिव आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा।

संघ के प्रांतीय आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों में भी नियमित और प्रभारी छात्रावास अधीक्षकों ने एकदिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। संघ की प्रमुख मांगों में अधीक्षक संवर्ग की सेवा शर्तें निर्धारित करने, दैनिक कार्य घंटे तय करने तथा साप्ताहिक और सार्वजनिक अवकाश का प्रावधान करने की मांग शामिल है। अधीक्षकों का कहना है कि 24 घंटे छात्रावास परिसर में उपस्थित रहने की अनिवार्यता के कारण उन्हें लगातार जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। इसलिए व्यावहारिक ड्यूटी व्यवस्था लागू कर इस बाध्यता को समाप्त किया जाए। इसके साथ ही कैडर पुनर्गठन कर पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार चंद्राकर, उपाध्यक्ष लीलाशंकर साहू, रमा टंडन, सचिव मोहित कुमार एवं कोषाध्यक्ष निधि यादव ने बताया कि शिक्षक संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को वीएसके एप से उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता से छूट दी जाए। आनलाइन कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ एचएमएस पोर्टल के माध्यम से मेस बजट में होने वाली अनुचित कटौती पर रोक लगाई जाए। न्यूनतम 24 दिवस की उपस्थिति पर पूरा मेस बजट स्वीकृत करने की भी मांग है। उन्होंने बताया कि जिले में 62 छात्रावास संचालित हैं। इनमें आश्रम और आवासीय विद्यालय भी शामिल हैं। इनकी व्यवस्था संभालने के लिए 47 अधीक्षक कार्यरत हैं। छात्रावासों के सुचारु संचालन के लिए पर्याप्त बजट, सफाई सामग्री, बर्तन, दवाइयों और आकस्मिक खर्च की राशि समय पर उपलब्ध कराने की जरूरत है।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि मांगें केवल अधीक्षकों की सेवा सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा, देखभाल और बेहतर व्यवस्था से भी जुड़ी हैं। शासन से शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि सकारात्मक पहल नहीं होने पर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। इस दौरान सलाहकार विनीता ठाकुर, सुमीत कुमार चंद्राकर, नारायण प्रसाद मरकाम, मीडिया प्रभारी संतोष साहू और अरुण ठाकुर सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…