Live VNS

हिमाचल में बर्फबारी से ठंड बढ़ी, तीन दर्रों पर आवाजाही बंद, 16 नवंबर से खुलेगा मौसम

हिमाचल में बर्फबारी से ठंड बढ़ी, तीन दर्रों पर आवाजाही बंद, 16 नवंबर से खुलेगा मौसम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिमला, 14 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। जनजातीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के साथ लाहौल-स्पीति के शिंकुला पास, बारालाचा पास और कुंजुम टॉप की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। मौसम विभाग ने आज और कल 15 नवंबर को प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके बाद 16 से 20 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटों के मुकाबले 2.1 डिग्री सेल्सियस गिरा है, हालांकि यह सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।

बीते 24 घंटों के दौरान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में करीब 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुल्लू के कोठी और चंबा के जोत में 3-3 सेंटीमीटर, किन्नौर के सांगला में 2 सेंटीमीटर तथा लाहौल-स्पीति के केलांग और किन्नौर के कल्पा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। मौसम में आए इस बदलाव से ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। हालांकि शनिवार सुबह शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही। पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बादल छाए हैं।

कुकुमसेरी प्रदेश में सबसे ठंडा, पांवटा साहिब में 17 डिग्री तापमान

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दर्ज न्यूनतम तापमान में लाहौल स्पीति जिला का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां पारा माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद ताबो में 0.1, कल्पा में 1.8, मनाली में 4.5, बजौरा में 6.4, भुंतर में 6.9, कुफरी में 7.6, सुंदरनगर में 8.5, बरठीं में 9.0, मंडी में 9.2 और सोलन में 9.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

धर्मशाला, पालमपुर, बड़सर क्षेत्र के भरमौर और सेओबाग में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस रहा। कांगड़ा में 10.8, शिमला, ऊना और बिलासपुर में 11.0, नाहन में 11.5, देहरा गोपीपुर में 13.0, जुब्बड़हट्टी में 13.1, नेरी में 14.0, सराहन में 15.6 और पांवटा साहिब में 17.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बर्फबारी के बाद लाहौल-स्पीति के तीन दर्रों पर आवाजाही बंद

लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। इसे देखते हुए जिला पुलिस ने शिंकुला पास, बारालाचा पास और कुंजुम टॉप की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद कर दी है। जिला पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार दारचा, लोसर और ग्राम्फू चेक पोस्ट से आगे वाहनों को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन परिस्थितियों में ही मौसम और सड़क की स्थिति का आकलन करने के बाद स्नो चेन लगे फोर-बाय-फोर वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा सकती है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मौसम साफ होने तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। पुलिस ने लोगों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

16 नवंबर से पांच दिन साफ रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल 15 नवंबर तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर बना रहने की संभावना है। हालांकि 16 से 20 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम साफ रहने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में रात और सुबह के समय ठंड बनी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…