Live VNS

हिमाचल में रात की ठंड बढ़ी, मैदानी इलाके शिमला-कुफ़री से ज्यादा सर्द

हिमाचल में रात की ठंड बढ़ी, मैदानी इलाके शिमला-कुफ़री से ज्यादा सर्द

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिमला, 20 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों रात की ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है, हालांकि राज्य में 26 नवंबर तक बादलों के बरसने के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ बना रहा और आगामी एक हफ्ते तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। बीते कुछ दिनों से रात के तापमान में लगातार हो रही गिरावट ने लोगों की कंपकंपी बढ़ा दी है और जनजातीय क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

लाहौल-स्पीति जिले के कई हिस्सों में बीते कई दिनों से न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा है, जिससे प्राकृतिक जलस्रोत जमने लगे हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी और केलंग में पारा शून्य से नीचे बना हुआ है।

खास बात ये है कि राज्य के मैदानी और निचले इलाके रात के समय राजधानी शिमला व कुफ़री के मुकाबले ज्यादा ठंडे हो गए हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो शिमला का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, वहीं मैदानी जिले ऊना में यह 7 डिग्री सेल्सियस और सुंदरनगर में 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा बिलासपुर, मंडी, सुंदरनगर और पालमपुर जैसे निचले इलाकों में भी रात का पारा शिमला से कम दर्ज हुआ है, जिससे सुबह और शाम के समय मैदानी क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट धर्मशाला में दर्ज हुई है। इसके अलावा कुफरी में 1.7 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 1 डिग्री, सुंदरनगर में 0.8 डिग्री, नाहन में 0.6 डिग्री और बिलासपुर में 0.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। वहीं ऊना, कुकुमसेरी और बजौरा के न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री, जबकि भुंतर, बरठीं और सराहन में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो कुकुमसेरी में माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस, केलंग में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस, ताबो में 0.1 डिग्री सेल्सियस, सियोबाग में 3 डिग्री सेल्सियस, बजौरा में 3.1 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 3.5 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 4.1 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 4.6 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 4.8 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 5.5 डिग्री सेल्सियस, बरठीं में 5.9 डिग्री सेल्सियस, चंबा में 6.2 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस, मंडी में 6.5 डिग्री सेल्सियस, ऊना में 7 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 7 डिग्री सेल्सियस, कुफरी में 7.9 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 8.5 डिग्री सेल्सियस, शिमला में 9 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 10 डिग्री सेल्सियस, जुब्बड़हट्टी में 10 डिग्री सेल्सियस, देहरा गोपीपुर में 10 डिग्री सेल्सियस, नाहन में 10.5 डिग्री सेल्सियस, नेरी में 12.4 डिग्री सेल्सियस, सराहन में 15.1 डिग्री सेल्सियस और पांवटा साहिब में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 26 नवंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। इस दौरान दिन में धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी, पर रात के समय सर्दी का असर इसी तरह बना रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…