शिमला-मनाली में दिसंबर के पहले हफ्ते सीजन की पहली बर्फबारी के आसार, पहाड़ों पर जमे झील-झरने

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में दिसंबर के पहले सप्ताह में मौसम बदलने के साथ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 और 4 दिसंबर को राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान शिमला और मनाली में भी सीजन की पहली बर्फबारी होने के आसार हैं। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों और पर्यटकों के लिए यह अच्छी खबर है। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 दिसंबर को प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 4 दिसंबर को इसका दायरा बढ़ने की संभावना है। इस दिन उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मध्यवर्ती इलाकों में भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। शिमला और मनाली में भी इसी दौरान बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर प्रदेश के निचले और मैदानी इलाकों में 3 और 4 दिसंबर को मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना के बीच प्रदेश के मैदानी इलाकों में घने कोहरे का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक लगातार चार दिनों के लिए राज्य के अधिकांश निचले इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर जिले में भाखड़ा बांध जलाशय के आसपास के क्षेत्रों, मंडी जिले की बल्ह घाटी और हमीरपुर जिले के सुजानपुर टिहरा सहित आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है।
शनिवार को भी कोहरे के कारण बिलासपुर और मंडी में दृश्यता काफी कम रही। बिलासपुर में दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई, जबकि मंडी में यह 300 मीटर दर्ज की गई। कम दृश्यता के कारण इन क्षेत्रों में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदेश में नवंबर के दौरान बारिश की स्थिति भी बेहद खराब रही है। इस महीने सामान्य से 82 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। बारिश की कमी के चलते लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है। ऐसे में दिसंबर के पहले सप्ताह में पहाड़ी क्षेत्रों में संभावित बारिश और बर्फबारी से मौसम में बदलाव की उम्मीद है।
उधर, प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने के कारण झीलों, झरनों और नालों का पानी जम गया है। जनजातीय क्षेत्रों में रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मौसम विभाग की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति के ताबो में माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस और केलंग में माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अन्य शहरों में सेओबाग में 2.5 डिग्री सेल्सियस, बजौरा में 2.9 डिग्री सेल्सियस, भुंतर में 3.3 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 3.4 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 4.1 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 4.6 डिग्री सेल्सियस और सुंदरनगर में 4.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मंडी और बरठीं में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मंडी में यह सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम था। चंबा में 5.8 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर में 6.0 डिग्री सेल्सियस, कुफरी में 6.2 डिग्री सेल्सियस, भरमौर और बिलासपुर में 7.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। बिलासपुर में तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। ऊना में 7.2 डिग्री सेल्सियस, शिमला में 8.0 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 8.4 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला और जुब्बड़हट्टी में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। नाहन में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम था। देहरा गोपीपुर में 11.0 डिग्री सेल्सियस, सराहन में 11.2 डिग्री सेल्सियस, नेरी में 11.5 डिग्री सेल्सियस और पांवटा साहिब में 14.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा