मुख्यमंत्री से मिला हिमाचल प्रदेश सर्व टीजीटी महासंघ का प्रतिनिधिमंडल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मंडी, 13 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सर्व टीजीटी महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य प्रधान सुनील ठाकुर की अध्यक्षता में मंडी हेलीपैड पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला। इस अवसर पर संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत महासंघ द्वारा तैयार किया गया 15 सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मांग पत्र में टीजीटी शिक्षकों के वेतनमान, टीजीटी की वरिष्ठता, सेवा संबंधी विभिन्न विसंगतियों तथा अन्य महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने इन सभी मुद्दों पर मुख्यमंत्री जी के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा आश्वासन दिया कि टीजीटी शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
इस प्रतिनिधिमंडल में राज्य प्रधान सुनील ठाकुर के अतिरिक्त राज्य संरक्षक योगेश कुमार, जिला प्रधान जगदीश शर्मा, जिला महासचिव स्मृति ठाकुर, राज्य उपप्रधान प्रमिला ठाकुर एवं राजेश कुमार शर्मा तथा राज्य प्रेस सचिव अनिल कुमार के अलावा जिला कार्यकारिणी से महेश कुमार और तेज सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। महासंघ ने आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप टीजीटी शिक्षकों की लंबित मांगों एवं समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। महासंघ ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि उन्हें जल्द से जल्द संघठन के एक प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया जाए ताकि विस्तार से वे अपनी मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रख सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा