Live VNS

एचपीयू इंटर कॉलेज बैडमिंटन पुरुष प्रतियोगिता का समापन, जीसी ऊना ने जीता खिताब

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नाहन, 22 नवंबर (हि.स.)। नाहन के चंबा ग्राउंड स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) इंटर कॉलेज बैडमिंटन पुरुष प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में प्रो. संजय शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि तथा डॉ. श्रद्धा शुक्ला ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन प्रथम और द्वितीय स्थान के लिए राजकीय महाविद्यालय ऊना और राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के बीच बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय ऊना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर दूसरे स्थान पर रहा। वहीं,तीसरे स्थान के लिए राजकीय महाविद्यालय धलियारा और राजकीय महाविद्यालय संजौली के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें राजकीय महाविद्यालय संजौली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान अपने नाम किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. संजय शर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल ही एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें हार के बाद भी दोबारा उठकर जीत हासिल की जा सकती है, जबकि वास्तविक जीवन में बीता हुआ समय वापस नहीं आता। इसलिए खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना के साथ खेलना चाहिए और जीत-हार को सहजता से स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवा प्रतिभाशाली हैं और अपनी मेहनत, लगन तथा अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…