टीबी उन्मूलन में हरियाणा को 7.35 करोड़ रुपये की सीएसआर सहायता मिली

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-11,811 मरीजों को मिलेगा पोषण सहयोग
-सालाना 1.63 लाख लोगों की होगी स्क्रीनिंग
चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने टीबी (क्षय रोग) के खिलाफ अभियान को और मजबूती देने के लिए एनटीपीसी और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) से 7.35 करोड़ रुपये की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) सहायता प्राप्त की है। इस राशि से अगले तीन वर्षों में 11,811 टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही चार जिलों में अत्याधुनिक मोबाइल डायग्नोस्टिक सुविधाओं के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 1.63 लाख लोगों की टीबी जांच की जाएगी।
इस पहल के तहत करनाल और पानीपत में टीबी का उपचार करवा रहे मरीजों को प्रोटीन युक्त पोषण किट उपलब्ध करवाई जाएंगी। वहीं, विशेष उपकरणों से लैस चार मोबाइल डायग्नोस्टिक वैन के माध्यम से मेवात, करनाल, कुरुक्षेत्र और चरखी दादरी के 392 उच्च जोखिम वाले गांवों एवं वार्डों में टीबी की जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि दोनों सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ यह सहयोग टीबी उन्मूलन की दिशा में दो महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करेगा। इनमें उपचार के दौरान मरीजों को पर्याप्त पोषण उपलब्ध करवाना और उन क्षेत्रों में शुरुआती जांच की सुविधा पहुंचाना शामिल है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सीमित है।
इस व्यवस्था के तहत एनटीपीसी ने पोषण सहायता के लिए 4.96 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है, जबकि हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) ने मोबाइल डायग्नोस्टिक सुविधाओं के लिए 2.39 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। डॉ. मिश्रा ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का साझा दायित्व है। उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में कॉर्पोरेट संस्थानों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित नि-क्षय मित्र पहल के अंतर्गत एनटीपीसी अगले तीन वर्षों में करनाल और पानीपत के 11,811 टीबी मरीजों को पोषण सहायता प्रदान करेगा। इसके तहत मरीजों की छह महीने की उपचार अवधि के दौरान उनकी पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग दिया जाएगा।
इस पहल से करनाल के 5,904 और पानीपत के 5,907 मरीज लाभान्वित होंगे। इनमें करनाल में प्रतिवर्ष 1,968 तथा पानीपत में 1,969 मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। टीबी की समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हुडको द्वारा दी गई 2.39 करोड़ रुपये की सहायता से चार मोबाइल टीबी डायग्नोस्टिक वैन उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन वैन में चार-मॉड्यूल ट्रूनैट क्वाट्रो वर्कस्टेशन और अत्याधुनिक पोर्टेबल एक्स-रे सिस्टम लगाए जाएंगे। ये मोबाइल वैन 392 चिन्हित उच्च जोखिम वाले गांवों और वार्डों को कवर करेंगी। इनमें मेवात के 111, करनाल के 109, कुरुक्षेत्र के 103 और चरखी दादरी के 69 क्षेत्र शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा