हरियाणा मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण का पुनर्गठन
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-प्राधिकरण में आठ श्रेणियों के गैर-सरकारी सदस्य नामित
चंडीगढ़, 24 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण में आठ श्रेणियों के गैर-सरकारी सदस्यों को नामित किया है। इनमें निजी मनोरोग विशेषज्ञ, आयुष क्षेत्र के मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, मनोवैज्ञानिक, मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता और मानसिक स्वास्थ्य नर्स के अलावा मानसिक बीमारी से पीडि़त व्यक्तियों, उनके देखभालकर्ताओं तथा इस क्षेत्र में काम करने वाले गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुमिता मिश्रा द्वारा अधिसूचित प्राधिकरण में सरकारी सेवा से बाहर कार्यरत मनोरोग विशेषज्ञ की श्रेणी में यमुनानगर के डा. दिव्य कुमार मंगला को नामित किया गया है। आयुष क्षेत्र से पानीपत के डा. अंकुर सिंगल, मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में रोहतक के डा. देवेंद्र कुमार, क्लिनिकल साइकोलोजिस्ट के तौर पर गुरुग्राम की अमिता पुरी और मानसिक स्वास्थ्य नर्स की श्रेणी में सोनीपत की डा. अमृता राय को जिम्मेदारी दी गई है।
मानसिक बीमारी से पीडि़त व्यक्तियों के प्रतिनिधियों के रूप में गुरुग्राम के कुणाल नायर और रेवाड़ी के संदीप कुमार को शामिल किया गया है। मानसिक बीमारी से पीडि़त व्यक्तियों की देखभाल करने वालों के प्रतिनिधियों के रूप में हिसार के कुलदीप यादव और हांसी के सुंदर यादव को नामित किया गया है। इसी तरह मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले गैर-सरकारी संगठनों की श्रेणी में मेवात के फिरोजपुर झिरका स्थित डीप स्माइल फाउंडेशन के अखलाक खान और यमुनानगर के जगाधरी निवासी कुलदीप धीमान को जगह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा