Live VNS

टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप में हरियाणा पुलिस का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम

टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप में हरियाणा पुलिस का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

भारतीय टीम ने जीते तीन कांस्य पदक, दस देशों की टीमों ने लिया हिस्सा

-हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार ने किया प्रदेश को गौरवान्वित

-हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने राष्ट्रीय कोच के रूप में संभाली जिम्मेदारी

चंडीगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर हरियाणा पुलिस ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया है। जॉर्डन के अकाबा में 11 से 14 नवंबर तक आयोजित पांचवें आईटीपीएफ टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा पुलिस की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार ने भारतीय टीम के खिलाड़ी के रूप में देश का प्रतिनिधित्व किया, जबकि हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने राष्ट्रीय कोच की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

पांचवें आईटीपीएफ टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप में भारत सहित जॉर्डन, पाकिस्तान, मिस्र, ओमान, कतर, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, सूडान और यमन की टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के खिलाडिय़ों ने टेंट पेगिंग की अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, घुड़सवारी कौशल, सटीक निशानेबाजी और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।

भारतीय टीम में हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार का चयन प्रदेश पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम के सदस्य के रूप में भाग लेकर देश का प्रतिनिधित्व किया। हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने भारतीय टेंट पेगिंग टीम के राष्ट्रीय कोच के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण देने, उनकी तकनीकी दक्षता को निखारने तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में उनका योगदान सराहनीय रहा।

इस उपलब्धि पर हरियाणा पुलिस के डीजीपी अजय सिंघल ने भारतीय टीम के सभी खिलाडिय़ों और कोच को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना प्रत्येक खिलाड़ी के लिए गर्व और सम्मान की बात है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…