एसआईआर पर भाजपा मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज करवाने को चलाएगी अभियान
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
चंडीगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने को लेकर भाजपा प्रदेशभर में अभियान चलाएगी। अभियान के तहत अनुपस्थित, अन्यत्र स्थानांतरित और संपर्क नहीं हो पाने वाले मतदाताओं की पहचान कर उनकी वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और बीएलए-1 के साथ चर्चा की। बैठक में प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने पर विशेष जोर दिया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बुधवार को प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम एक पत्र जारी कर मताधिकार की रक्षा को लोकतंत्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी बताया। डॉ. अर्चना गुप्ता ने अपने पत्र में 24 जुलाई 2026 की प्रारंभिक एसआईआर स्टेटस रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में 33 लाख 83 हजार 302 मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त नहीं हुए थे। इनमें 7 लाख 66 हजार 3 मृत, 2 लाख 4 हजार 832 अन्यत्र पंजीकृत, 13 लाख 74 हजार 759 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 9 लाख 36 हजार 228 अनुपस्थित अथवा संपर्क नहीं हो पाने वाले तथा 1 लाख 1 हजार 480 अन्य कारणों की श्रेणी में दर्ज थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने विशेष रूप से उन पात्र नागरिकों के प्रति चिंता व्यक्त की, जो रोजगार, शिक्षा, निवास स्थान में परिवर्तन अथवा जानकारी के अभाव में निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, बीएलए-1, बीएलए-2 और बूथ कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राजनीतिक विचारधारा, जाति और धर्म से ऊपर उठकर घर-घर संपर्क करें तथा प्रत्येक पात्र मतदाता को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराएं। अपने पत्र में डॉ. अर्चना गुप्ता ने निर्वाचन आयोग द्वारा 6 नवंबर को विभिन्न श्रेणियों में चिह्नित नागरिकों को पात्रता के अनुसार गणना फॉर्म पुन: प्रस्तुत करने के लिए दिए गए अवसर का भी उल्लेख किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा