Live VNS

हरियाणा में एक आईएएस व छह एचसीएस अधिकारियों का तबादला

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

चंडीगढ़, 27 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए एक आईएएस और छह एचसीएस अधिकारियों के तत्काल प्रभाव से तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी आदेशों के तहत परिवहन विभाग, सहकारी चीनी मिलों और जिला स्तर के कई महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है।

राज्य परिवहन हरियाणा के महानिदेशक निखिल गजराज को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ-साथ हरियाणा मानवाधिकार आयोग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार (रिक्त पद पर) सौंपा गया है। वहीं, नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहीं नम्रता सिंगल को सुरेश रवेश के स्थान पर अतिरिक्त परिवहन आयुक्त, हरियाणा तथा रिक्त पद पर अतिरिक्त परिवहन आयुक्त (सडक़ सुरक्षा) का कार्यभार दिया गया है।

सहकारी चीनी मिलों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। होडल की एसडीएम बेलिना को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ-साथ द्विजा के स्थान पर सहकारी चीनी मिल, पलवल का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

हरियाणा रोडवेज, हिसार के महाप्रबंधक राहुल मित्तल को सहकारी चीनी मिल, पानीपत का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्होंने नवदीप सिंह का स्थान लिया है, जिन्हें इस कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा, संयुक्त परिवहन आयुक्त सुरेश रवेश को रिक्त पद पर सहकारी चीनी मिल, जींद का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उप सचिव संजय बिश्नोई को गौरव गुप्ता के स्थान पर जिला परिवहन अधिकारी आरटीए, फतेहाबाद नियुक्त किया गया है। वहीं, हिपा गुरुग्राम के संयुक्त निदेशक रमित यादव को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ-साथ रिक्त पद पर एससीईआरटी,गुरुग्राम के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पलवल सहकारी चीनी मिल की एमडी पद से कार्यमुक्त होने के बाद द्विजा की नई नियुक्ति के आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…