Live VNS

आईएएस सोनाक्षी को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

आईएएस सोनाक्षी को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नैनीताल, 13 नवंबर (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल में पली-बढ़ी और यहीं से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने वाली आईएएस अधिकारी सोनाक्षी सिंह तोमर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर की जिलाधिकारी सोनाक्षी को उनके जनपद में जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में किये गये प्रयासों के लिए यह सम्मान मिला है। उनकी इस उपलब्धि से नैनीताल का गौरव बढ़ा है।

नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में जनजातीय गौरव पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशभर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों और पूर्व विद्यार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर जनजातीय शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयासों के लिए विभिन्न राज्यों के अधिकारियों के साथ 2016 बैच की हिमाचल प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी सोनाक्षी को भी राष्ट्रपति ने विशेष रूप से किन्नौर के निचार स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के देश के पांच सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में शामिल होने पर सम्मानित किया।

28 अगस्त 1990 को जन्मीं सोनाक्षी नैनीताल की निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक से लेकर वर्ष 2008 में इंटरमीडिएट तक की शिक्षा नैनीताल के प्रतिष्ठित सेंट मैरी कॉन्वेंट हाई स्कूल से प्राप्त की है। सोनाक्षी के पिता मुकेश सिंह तोमर कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) से और उनकी माता पुष्पा तोमर भारतीय स्टेट बैंक की नैनीताल शाखा से सेवानिवृत्त हैं। उनका परिवार नैनीताल के बड़े डाकघर के पास रहता है।

नैनीताल की गलियों में बचपन बिताने और सेंट मैरी कॉन्वेंट से शिक्षा प्राप्त करने वाली सोनाक्षी का भारतीय प्रशासनिक सेवा में पहुंचना तथा अब राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होना शहर के लिए विशेष उपलब्धि है। उनकी सफलता स्थानीय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…