Live VNS

आईसीएआर सचिव ने शाहंशाहपुर स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान का किया दौरा, बोले- वैश्विक मानकों के साथ देशज जरूरतों पर केंद्रित हो अनुसंधान

आईसीएआर सचिव ने शाहंशाहपुर स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान का किया दौरा, बोले- वैश्विक मानकों के साथ देशज जरूरतों पर केंद्रित हो अनुसंधान

BK Pathak ·

वाराणसी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के सचिव एवं कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के अतिरिक्त सचिव ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने रविवार को शाहंशाहपुर स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान की शोध गतिविधियों, आधुनिक प्रयोगशालाओं और कृषि तकनीकों का जायजा लिया। वैज्ञानिकों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि सब्जी अनुसंधान एवं विकास के कार्य वैश्विक मानकों के साथ देशज आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किए जाने चाहिए, ताकि देशभर के किसानों को इसका लाभ मिल सके।

दौरे की शुरुआत में ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने संस्थान परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया। इसके बाद उन्होंने कृषि प्रक्षेत्र का भ्रमण कर वहां विकसित सब्जियों की विभिन्न किस्मों, उन्नत तकनीकों और कृषि निवेशों के उपयोग की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीज विधायन संयंत्र, बीज उत्पादन क्षेत्र, जैविक खेती इकाई, जैव संसाधन उत्पादन इकाई, हाईटेक नर्सरी, पौध उत्पादन संयंत्र और संरक्षित खेती के माध्यम से सब्जी उत्पादन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इसके अलावा उन्होंने बीएसएल-3 सुविधा, स्पीड ब्रीडिंग एवं जीनोम एडिटिंग केंद्र, जैव उर्वरक विकास प्रयोगशाला, तुड़ाई उपरांत फसल संवर्धन इकाई, कीटनाशी अवशेष प्रयोगशाला और टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला का भी भ्रमण किया। इस दौरान संबंधित वैज्ञानिकों से शोध कार्यों और उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली।

एग्रीवोल्टाइक शोध को गति देने पर जोर

वैज्ञानिकों के साथ आयोजित समीक्षा एवं संवाद बैठक की शुरुआत वंदेमातरम और आईसीएआर के गान से हुई। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने सचिव का स्वागत करते हुए संस्थान की गतिविधियों और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि संस्थान देशभर के किसानों के हित में लगातार शोध और विकास कार्य कर रहा है।

ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने कहा कि परिषद वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वैज्ञानिकों से अपेक्षा है कि वे वैश्विक मानकों और देश की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप प्रयोगशालाओं में शोध करें। उन्होंने नवाचार और गुणवत्ता विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।

उन्होंने संस्थान में एग्रीवोल्टाइक पर चल रहे कार्यों को गति देने का निर्देश दिया। एग्रीवोल्टाइक ऐसी प्रणाली है, जिसमें एक ही भूमि पर खेती के साथ सौर ऊर्जा का उत्पादन भी किया जाता है। उन्होंने आईआईवीआर में पारंपरिक सब्जी अनुसंधान के साथ जीनोम एडिटिंग जैसे आधुनिक शोध कार्यक्रमों पर हो रहे कार्यों की सराहना की। बैठक का संचालन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह ने किया।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…