Live VNS

भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान में राष्ट्रीय संगोष्ठी संपन्न, शिक्षा, प्रवासन और क्षेत्रीय असमानता पर मंथन

भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान में राष्ट्रीय संगोष्ठी संपन्न, शिक्षा, प्रवासन और क्षेत्रीय असमानता पर मंथन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिमला, 20 नवंबर (हि.स.)। भारत की सांस्कृतिक विविधता को बनाए रखते हुए राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए सामाजिक समानता, आपसी सम्मान और सभी समुदायों की भागीदारी जरूरी है। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, राष्ट्रपति निवास शिमला में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में देशभर से आए विद्वानों ने इस विषय पर विचार रखे। ‘विविधता और राष्ट्रीय एकीकरण : समकालीन चुनौतियों का समाधान’ विषय पर 18 से 20 नवम्बर तक आयोजित संगोष्ठी का शुक्रवार को समापन हुआ।

संगोष्ठी में विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के प्राध्यापकों, शोधार्थियों और विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय एकीकरण के सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, आर्थिक और संवैधानिक पहलुओं पर चर्चा की। तीन दिनों में कुल नौ अकादमिक सत्र आयोजित किए गए। इनमें शोधपत्र प्रस्तुत करने के साथ समकालीन चुनौतियों और उनके समाधान पर विचार-विमर्श हुआ।

पहले दिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व, लोकतांत्रिक भागीदारी, शिक्षा, विकास और सांस्कृतिक विविधता पर तीन सत्र हुए। इनमें सामाजिक असमानता, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय सुरक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा और प्रदर्शन कलाओं के राष्ट्रीय एकीकरण में योगदान जैसे विषय शामिल रहे।

दूसरे दिन चार सत्रों में जनसंख्या में बदलाव, प्रवासन, नागरिकता, कौशल विकास, उच्च शिक्षा, समान नागरिक संहिता, संघवाद और क्षेत्रीय विकास पर चर्चा हुई। तीसरे दिन मीडिया, प्रौद्योगिकी और भविष्य की नीतियों पर दो सत्र आयोजित किए गए। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑनलाइन नफरत फैलाने वाली सामग्री, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, डिजिटल समावेशन और जलवायु संचार जैसे विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए गए।

चर्चा में इस बात पर विचार किया गया कि भारत की भाषायी, सांस्कृतिक और सामाजिक विविधता को देश की सामूहिक शक्ति के रूप में कैसे विकसित किया जा सकता है। संविधान में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को राष्ट्रीय एकीकरण से जोड़कर भी देखा गया। विद्वानों ने माना कि राष्ट्रीय एकता केवल राजनीतिक और क्षेत्रीय अखंडता तक सीमित नहीं है। इसमें समान अवसर, सामाजिक सहभागिता और साझा राष्ट्रीय पहचान भी महत्वपूर्ण हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…