Live VNS

भाग्यलक्ष्मी ऑनलाइन लॉटरी का अवैध खेल: भेलूपुर में ऑनलाइन लॉटरी के अड्डे पर एसओजी का छापा, 15 गिरफ्तार

भाग्यलक्ष्मी ऑनलाइन लॉटरी का अवैध खेल: भेलूपुर में ऑनलाइन लॉटरी के अड्डे पर एसओजी का छापा, 15 गिरफ्तार

BK Pathak ·

सरायनंदन दशमी में ऐप के जरिए चल रहा था भाग्यलक्ष्मी लॉटरी का खेल, पांच मोबाइल, पर्चियां, कॉपी और नंबर लिखने वाला बोर्ड बरामद

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन दशमी इलाके में ऑनलाइन लॉटरी के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। एसओजी-2 और भेलूपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से पांच मोबाइल फोन समेत लॉटरी खेलने और खिलाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध ऑनलाइन लॉटरी का खेल संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया।

एसओजी-2 प्रभारी पंकज चौहान और भेलूपुर थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरायनंदन दशमी क्षेत्र में चल रहे इस खेल पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, यहां मोबाइल ऐप के माध्यम से भाग्यलक्ष्मी लॉटरी संचालित की जा रही थी। छापेमारी के दौरान कई लोग ऑनलाइन लॉटरी खेलते और दूसरों को खिलाते हुए मिले। पुलिस ने मौके से कुल 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल में खुला मिला भाग्यलक्ष्मी ब्राउजर

पुलिस ने मौके से पांच मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें भाग्यलक्ष्मी ब्राउजर खुला हुआ था। इसके अलावा लॉटरी के नंबर और हिसाब-किताब दर्ज करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली कॉपी, पर्चियां और नंबर लिखने वाला बोर्ड भी मिला। पुलिस ने सभी मोबाइल फोन और अन्य सामग्री कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

रुपये के लेनदेन की भी होगी जांच

गिरफ्तार आरोपितों से पुलिस ऑनलाइन लॉटरी के संचालन, इसमें इस्तेमाल होने वाले ऐप, रुपये के लेनदेन और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध गतिविधि का नेटवर्क किन-किन स्थानों तक फैला है।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…