Live VNS

इल्तिजा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर में भर्ती माफिया का लगाया आरोप, जेकेएसएसबी परीक्षा घोटाले की जांच की मांग की

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

श्रीनगर, 20 नवंबर (हि.स.)।पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत से एक भर्ती माफिया सक्रिय है। उन्होंने भर्ती प्रणाली में बार-बार होने वाली परीक्षा अनियमितताओं का आरोप लगाया और वित्त लेखा सहायक (एफएए) परीक्षा विवाद की निष्पक्ष जांच की मांग की।

श्रीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा ने कहा कि जम्मू और कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसबी) द्वारा एफएए परीक्षा में धोखाधड़ी को एक अलग घटना बताने को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती संबंधी विवाद 2019 से लगातार सामने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सब-इंस्पेक्टर, जल शक्ति, वित्त लेखा सहायक और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की परीक्षाओं में भी अनियमितताओं और रद्द होने के आरोप लगे हैं जिससे भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठते हैं।

उन्होंने कहा कि जेकेएसबी इतनी जल्दी खुद को क्लीन चिट कैसे दे सकता है? यह कोई इकलौती घटना नहीं है। भर्ती प्रणाली में एक पूरा माफिया सक्रिय है। इल्तिजा ने आरोप लगाया कि सरकारी कर्मचारियों और भर्ती से जुड़े अधिकारियों का एक नेटवर्क सरकारी नौकरी चाहने वाले उम्मीदवारों का शोषण कर रहा है। उन्होंने कहा कि नवीनतम विवाद में जेकेएसबी और विभागीय कर्मचारियों की संलिप्तता की रिपोर्टों के कारण निष्पक्ष जांच अनिवार्य हो गई है। उम्मीदवारों पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ को उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि जेकेएसएसबी परीक्षा आवेदनों के माध्यम से प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये एकत्र करता है जबकि 2023 से 2026 के बीच लगभग 113 करोड़ रुपये एकत्र किए गए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि हजारों उम्मीदवारों को बार-बार परीक्षा शुल्क क्यों देना पड़ता है, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी क्यों करानी पड़ती है और बाद में उन्हें परीक्षा रद्द होने और विवादों का सामना क्यों करना पड़ता है।

इल्तिजा ने 2022 में परीक्षा आयोजित करने के लिए एपटेक को नियुक्त करने पर भी सवाल उठाया जिसे उन्होंने एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी बताया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने से पहले कंपनी की पृष्ठभूमि की पूरी तरह से जांच करनी चाहिए थी। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस बयान पर कटाक्ष करते हुए कि जेकेएसएसबी उनके नियंत्रण में नहीं है, उन्होंने मई में उनके सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया जिसमें उन्होंने बोर्ड के कामकाज की समीक्षा करने और अधिकारियों को बाधाओं को दूर करने और समयबद्ध भर्ती सुनिश्चित करने का निर्देश देने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेएसएसबी) आपके नियंत्रण में नहीं है तो आपने मई में समीक्षा बैठक कैसे आयोजित की? जब आपको श्रेय लेना होता है तो आप कहते हैं कि आपने जेकेएसएसबी की समीक्षा की लेकिन जब अनियमितताओं पर सवाल उठते हैं तो आप कहते हैं कि यह आपके नियंत्रण में नहीं है।

उन्होंने अगस्त में अध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी के इस्तीफे के बाद भी जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) में रिक्त पद के बने रहने पर भी सवाल उठाया और कहा कि अभी तक नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई है। हालिया परीक्षा के दौरान अत्याधुनिक माइक्रोचिप उपकरणों के इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए इल्तिजा ने सवाल किया कि बोर्ड द्वारा कड़ी तलाशी और जांच व्यवस्था के दावों के बावजूद ऐसे उपकरण कैसे पकड़ में नहीं आए। उन्होंने परीक्षा संबंधी जानकारी के अंदरूनी सूत्रों जिनमें निरीक्षक भी शामिल हैं, के माध्यम से बाहर भेजे जाने के आरोपों का भी जिक्र किया और नकल नेटवर्क में अधिकारियों की संभावित संलिप्तता की गहन जांच की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…