Live VNS

सर्दियों में बढ़ जाता है हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा : डॉ. अमित सिंह गौर

सर्दियों में बढ़ जाता है हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा : डॉ. अमित सिंह गौर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कानपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। सर्दियों में हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। यह बातें रविवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) भवन, परेड में आयोजित निःशुल्क हृदय एवं न्यूरो जांच शिविर में आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर ने कहीं।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कानपुर शाखा की ओर से के केयर मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल और कार्डियाकमेटेबॉलिक सोसाइटी के सहयोग से शिविर लगाया गया। इसमें कुल 160 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार और न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अनिमेष कुमार गुप्ता ने मरीजों को जांच के बाद चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर में ब्लड शुगर की 140, ईसीजी की 40, लिपिड प्रोफाइल की 65, एचबीए1सी की 35 और डायबिटिक न्यूरोपैथी की 30 जांचें की गईं। मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क दी गईं। इसके अलावा अन्य जांचों पर विशेष छूट की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

आईएमए चैरिटेबल मल्टीस्पेशियलिटी ओपीडी के चेयरमैन डॉ. आरएन चौरसिया ने बताया कि आईएमए परिसर में यह ओपीडी कई वर्षों से प्रतिदिन शाम चार से छह बजे तक संचालित हो रही है। यहां वरिष्ठ और विशेषज्ञ चिकित्सक निःशुल्क सेवाएं देते हैं। समय-समय पर विभिन्न बीमारियों की जांच और जागरूकता के लिए शिविर भी लगाए जाते हैं।

शिविर में शामिल मरीजों के आगे के उपचार और स्वास्थ्य की समीक्षा के लिए शुक्रवार को शाम पांच से छह बजे तक आईएमए चैरिटेबल मल्टीस्पेशियलिटी ओपीडी, 37/7 परेड में फॉलोअप किया जाएगा। इस दौरान आईएमए सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव, वित्त सचिव डॉ. दिनेश चंद्रा, उपाध्यक्ष डॉ. विकास मिश्रा सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…