चिरईगांव में 51 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियोरोधी खुराक, 135 बूथों पर चलेगा अभियान

वाराणसी। विकास खंड चिरईगांव में आगामी 22 नवंबर से पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा। इसके तहत पांच वर्ष तक के 51,622 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए 135 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जबकि 85 टीमें तैनात की गई हैं। इन टीमों के कार्यों की निगरानी के लिए 25 सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी तय की गई है।
पीएचसी प्रभारी चिरईगांव डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए बूथों पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। अभियान में चार मोबाइल टीमें और दो ट्रांजिट टीमें भी लगाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि बूथ दिवस पर दवा पिलाने के बाद अभियान से छूटे बच्चों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा खुराक पीने से वंचित न रह जाए। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को बूथ पर लाकर पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की है।