पौड़ी में कांग्रेस के संविधान बचाओ, देश बचाओ सम्मेलन में एकजुटता पर दिया जोर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पौड़ी गढ़वाल, 20 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की ओर से शुक्रवार को पुराने जिला पंचायत सभागार में संविधान बचाओ, देश बचाओ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसकी मूल भावना को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अभी से गांव, न्याय पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटने का आह्वान किया। इस दौरान कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को लेकर भी चर्चा करते हुए लोगों तक सरकार की गलत नीतियां पहुंचाने पर जोर दिया गया।
सम्मेलन में अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं उत्तराखंड के सह प्रभारी रूप सिंह शेखपूरा आदि ने संगठन की वर्तमान स्थिति, अनुसूचित जाति समाज से जुड़े मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है।
संविधान की वजह से समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का अवसर मिला है। ऐसे में संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए सभी को सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और समान अवसर की व्यवस्था को मजबूत करना समय की जरूरत है।
अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की असली ताकत उसका जमीनी कार्यकर्ता होता है। इसलिए पार्टी को केवल जिला और ब्लॉक स्तर तक सीमित न रखते हुए प्रत्येक बूथ तक सक्रिय करना होगा।
इसके लिए गांव-गांव में जनसंपर्क बढ़ाने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने और आमजन के बीच पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों को पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ काम करने की अपील की। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है।
चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन को अभी से सक्रिय होना होगा। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना होगा और स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा। सम्मेलन में संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और संगठनात्मक विस्तार को पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए आगामी चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।
सम्मेलन में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं उत्तराखंड के सह प्रभारी रूप सिंह शेखपूरा, चुन्नीलाल, जिलाध्यक्ष श्रीकांत, तामेश्वर आर्य, सुंदरलाल मुयाल, प्रमोद मंद्रवाल, अनूप सिंह आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह