Live VNS

पुलिस और डीएम कार्यालय के नाम पर घाटों पर घेरी जा रही जगह, छठ वेदी बनाने के लिए मारामारी

पुलिस और डीएम कार्यालय के नाम पर घाटों पर घेरी जा रही जगह, छठ वेदी बनाने के लिए मारामारी

BK Pathak ·

कहीं यूपीपी तो कहीं पुलिस, डीएम ऑफिस बाबू और पुलिस लाइन के नाम से कब्जा

डाला छठ पर गंगा घाटों पर पहले से जगह सुरक्षित करने की होड़, दूसरे श्रद्धालु वेदी न बना दें इसलिए लिख रहे नाम

वाराणसी। महापर्व डाला छठ को लेकर गंगा घाटों पर वेदी बनाने के लिए जगह सुरक्षित करने की होड़ शुरू हो गई है। घाटों पर मनपसंद स्थान हासिल करने के लिए लोग पहले से ही जगह घेरने में जुटे हैं। खास बात यह है कि कुछ स्थानों पर पुलिस और डीएम कार्यालय से जुड़े होने का संकेत देने वाले नाम लिखकर जगह सुरक्षित की जा रही है। कहीं नाम के सामने यूपीपी' तो कहीं 'पुलिस', डीएम ऑफिस बाबू' और 'पुलिस लाइन' लिखकर स्थान पर अपना दावा जताया गया है।

दरअसल, छठ पर्व पर गंगा किनारे वेदी बनाकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। इसके लिए श्रद्धालु घाटों पर पहले से ही अपने परिवार के पूजन के लिए उपयुक्त स्थान तलाशने लगते हैं। भीड़ बढ़ने के साथ ही घाटों पर मनपसंद जगह पाने को लेकर प्रतिस्पर्धा भी तेज हो जाती है। इसी के चलते कुछ लोग अपने लिए स्थान चिह्नित कर उस पर नाम लिख दे रहे हैं, ताकि कोई दूसरा श्रद्धालु वहां वेदी न बना सके।

घाटों पर इस तरह नाम लिखकर जगह सुरक्षित करने का तरीका चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस, पुलिस लाइन और डीएम कार्यालय का नाम लिखे जाने से यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या इन स्थानों पर संबंधित विभागों से जुड़े लोगों ने ही जगह सुरक्षित की है या फिर उनके नाम का इस्तेमाल केवल दूसरों को दूर रखने के लिए किया जा रहा है। हालांकि, इन नामों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विभागीय संबंधों की पुष्टि नहीं की जा सकती।

छठ पर्व पर घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में सार्वजनिक घाटों पर किसी एक व्यक्ति या परिवार की ओर से मनमाने तरीके से जगह घेरने से दूसरे व्रतियों को परेशानी हो सकती है। घाटों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है कि सभी श्रद्धालुओं को समान रूप से पूजन के लिए स्थान मिले और किसी तरह का विवाद न होने पाए।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…