नूंह के मांडीखेड़ा अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, मरीजों को सस्ती दरों पर मिलेंगी दवाइयां

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नूंह, 20 नवंबर (हि.स.)। अल आफिया नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा में मरीजों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अमृत फार्मेसी की शुरुआत की गई है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 16 जिला नागरिक अस्पतालों में स्थापित अमृत फार्मेसी का उद्घाटन किया। मांडीखेड़ा अस्पताल में इस फार्मेसी की स्थापना पर करीब 8 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
इस अवसर पर लघु सचिवालय नूंह के सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति और भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का संबोधन भी लाइव सुना गया। कार्यक्रम में प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव भी मौजूद रहीं।
जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद ने कहा कि अमृत फार्मेसी की शुरुआत आमजन के लिए राहत भरी पहल है। सरकारी अस्पतालों में उपचार करवाने आने वाले मरीजों को कई बार जरूरी दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ती हैं, जिससे उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध होंगी। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कहा कि अमृत फार्मेसी स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के लिए सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हों। इस पहल से मरीजों के उपचार पर होने वाले खर्च को कम करने में मदद मिलेगी। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्स्ना, उप सिविल सर्जन डॉ. आशीष सिंगला, डॉ. रजनीकांत सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी, अस्पताल स्टाफ और आशा वर्कर मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया