Live VNS

जांजगीर-चांपा में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुभारंभ किया गया

जांजगीर-चांपा में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुभारंभ किया गया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर (हि. स.)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटघरी में बुधवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में शामिल छात्र-छात्राओं और युवाओं से सीधा संवाद कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य, अनुशासित जीवन और सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और पूरी मेहनत एवं लगन से पढ़ाई करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अनुशासन को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की सीख दी। साथ ही स्वयं जागरूक बनने के साथ अपने परिवार, मित्रों और गांव के लोगों को भी नशामुक्ति एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

एसपी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं में समाज सेवा की भावना विकसित करना, उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना है। राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवा सामुदायिक गतिविधियों में भाग लेकर समाज की समस्याओं को समझते हैं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।

उन्होंने युवाओं से समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच सहित गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…