इंडी गठबंधन ने परिसीमन विधेयक को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। इंडी गठबंधन ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सरकार लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर सत्ता पर स्थायी कब्जा करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है।
संसद के विशेष सत्र से पहले शनिवार को खरगे के आवास पर इंडी गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई। बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, आईयूएमएल के ईटी मोहम्मद बशीर, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा और समाजवादी पार्टी के रामजीलाल सुमन सहित अन्य नेता शामिल हुए। डीएमके और एनसीपी (एससीपी) का कोई नेता बैठक में नहीं पहुंचा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी परिसीमन विधेयक को लेकर आज शाम 05 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
बैठक के बाद खरगे ने कहा कि गठबंधन के सभी नेताओं ने सामूहिक रूप से तय किया है कि मोदी सरकार का प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। पहले भाजपा ने चुनाव में 400 पार का नारा दिया था, जो पूरा नहीं हुआ। अब लोकसभा सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने की बात हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इसके जरिए सत्ता अपने हाथ में बनाए रखना चाहती है।
खरगे ने कहा कि परिसीमन विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। संविधान के अनुच्छेद 330 के तहत लोकसभा में इन वर्गों के लिए आरक्षित सीटों की व्यवस्था है। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर इन वर्गों की सीटों में वृद्धि होनी चाहिए, लेकिन प्रस्तावित विधेयक में इसका कोई प्रावधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि 2026 की जनगणना के आंकड़ों को लेकर भी विधेयक में कोई स्पष्ट बात नहीं की गई है। यदि नवीनतम जनगणना के आधार पर परिसीमन होता है तो अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को उनकी आबादी के अनुपात में अधिक सीटें मिल सकती हैं। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार इन वर्गों को उनका उचित प्रतिनिधित्व देने के बजाय अपने राजनीतिक फायदे को प्राथमिकता दे रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और अब उसी चुनाव आयोग को परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वह खुद सवालों के घेरे में हैं तो उनके नेतृत्व में परिसीमन की प्रक्रिया पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर