इंडिया सिने हब से फिल्म शूटिंग की अनुमति लेना हुआ आसान, एक ही डिजिटल मंच पर मिलेंगी कई मंजूरियां

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। भारत में फिल्म निर्माण और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए इंडिया सिने हब (आईसीएच) के जरिये कई सरकारी विभागों से अनुमति लेने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। अब फिल्म निर्माता एक ही डिजिटल मंच पर आवेदन कर नगर निकायों, यातायात विभाग, भारतीय रेलवे और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण सहित विभिन्न एजेंसियों से शूटिंग की मंजूरी प्राप्त कर सकते हैं। इस मंच पर करीब 32 सेवाओं को जोड़ा गया है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान रविवार को 'फिल्मिंग मेड ईजी : इंडिया राइज ऐज ए ग्लोबल फिल्मिंग एंड प्रोडक्शन हब' विषय पर आयोजित परिचर्चा में यह जानकारी दी गई। इसमें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार, स्क्रीन ऑस्ट्रेलिया की मुख्य परिचालन अधिकारी ग्रेन ब्रंडसन और अभिनेता, निर्देशक एवं निर्माता अनुपम खेर ने हिस्सा लिया। परिचर्चा का संचालन फिल्म समीक्षक और पत्रकार राजीव मसंद ने किया।
पृथुल कुमार ने बताया कि इंडिया सिने हब पोर्टल पर राज्य सरकारों को जोड़ना शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आवेदक एक साझा आवेदन पत्र के माध्यम से विभिन्न विभागों से मंजूरी मांग सकते हैं। पोर्टल पर आवेदन की स्थिति देखने के लिए डैशबोर्ड की सुविधा भी है। जहां शुल्क देना जरूरी है, वहां सुरक्षित भुगतान लिंक के माध्यम से भुगतान किया जा सकता है। ड्रोन से संबंधित अनुमतियों के लिए डिजिटल स्काई मंच को भी इससे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की शूटिंग के लिए अनुमति देने की निर्धारित समयसीमा 28 दिन है लेकिन 2015 से अब तक औसतन 18 दिनों में अनुमति दी गई है। मध्य प्रदेश में ऐसी व्यवस्था भी है, जिसके तहत 15 दिनों के भीतर निर्णय नहीं होने पर आवेदन को स्वत: स्वीकृत माना जाता है।
उन्होंने कहा कि भारत में अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण और सह-निर्माण के अवसर तलाशने वाली कंपनियों की संख्या पहले सालाना 25 से 30 थी, जो अब बढ़कर 100 से 200 तक पहुंच गई है। उन्होंने फिल्म निर्माण से जुड़े पेशेवरों और सेवा प्रदाताओं से पोर्टल पर पंजीकरण कराने का आग्रह किया, ताकि दुनिया भर के फिल्म निर्माता भारत में उपलब्ध संसाधनों और सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।
स्क्रीन ऑस्ट्रेलिया की मुख्य परिचालन अधिकारी ग्रेन ब्रंडसन ने भारत के विविध शूटिंग स्थलों, फिल्म निर्माण से जुड़े प्रतिभाशाली लोगों और दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव को अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए अनुकूल बताया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीय सिनेमा की लोकप्रियता बढ़ रही है। पिछले वर्ष वहां ऑस्ट्रेलियाई फिल्म की तुलना में अधिक दर्शकों ने भारतीय फिल्म देखी। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल और कारोबारी संबंध भी संयुक्त फिल्म निर्माण के नए अवसर पैदा करते हैं।
ब्रंडसन ने कहा कि सफल सह-निर्माण केवल वित्तीय सहयोग और जोखिम साझा करने तक सीमित नहीं है बल्कि इससे रचनात्मक आदान-प्रदान के अवसर भी मिलते हैं। भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई फिल्मकार एक-दूसरे की कहानी कहने की परंपराओं से सीख सकते हैं और प्रवासी समुदायों से जुड़ी साझा कहानियों पर काम कर सकते हैं।
अभिनेता अनुपम खेर ने इंडिया सिने हब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारत में फिल्म शूटिंग की अनुमति लेने की प्रक्रिया में काफी सुधार हुआ है। भारत के विविध भौगोलिक क्षेत्र, खानपान, वेशभूषा और सांस्कृतिक परिवेश फिल्मकारों को रचनात्मक संभावनाएं उपलब्ध कराते हैं। सिनेमा भौगोलिक सीमाओं से परे है और फिल्मकारों को केवल शूटिंग की सुविधा मिलनी चाहिए।
खेर ने कहा कि एकल खिड़की व्यवस्था से स्थापित निर्माताओं के साथ नए फिल्मकारों, लेखकों और निर्माण से जुड़े पेशेवरों को भी लाभ होगा। उन्होंने अनुमति दिलाने के नाम पर बिचौलियों के उभरने की आशंका जताते हुए फिल्मकारों को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर