भारत-ईयू के बीच 16 दिसंबर को व्यापार समझौते पर लग सकती है मुहर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। भारत और 27 देशों के यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर 16 दिसंबर को ब्रुसेल्स में हस्ताक्षर होने की संभावना है। दोनों पक्षों ने इस साल 27 जनवरी को इस समझौते के लिए बातचीत पूरी कर ली थी।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को दी गई जानकारी में बताया कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर 16 दिसंबर को ब्रुसेल्स में हस्ताक्षर होने की संभावना है। ये हस्ताक्षर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिसंबर में प्रस्तावित ब्रुसेल्स यात्रा के दौरान हो सकते हैं।
भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत जीन-एरिक पाके ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिसंबर में ब्रसेल्स दौरे के दौरान समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और यह अगले साल 2027 में लागू होगा।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यूरोपीय आयोग ने समझौते पर हस्ताक्षर और इसे अंतिम रूप देने की मंजूरी के लिए यूरोपीय संघ की परिषद को प्रस्ताव भेज दिए हैं। इसके साथ समझौते का अंतिम कानूनी मसौदा और शुल्क संबंधी विवरण भी सौंपे गए हैं।
उल्लेखनीय है कि इस व्यापार समझौते के तहत भारत के 93 फीसदी निर्यात को 27 देशों के यूरोपीय संघ में शुल्क-मुक्त पहुंच मिलेगी। वहीं, ईयू से आयात होने वाली लक्जरी कार और शराब सस्ती हो जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर