जयशंकर ने मॉरीशस के विदेश मंत्री से की मुलाकात, विशेष आर्थिक पैकेज की प्रगति की समीक्षा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफल के साथ यहां मुलाकात कर दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों और विशेष आर्थिक पैकेज के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने भारत और मॉरीशस के बीच उन्नत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
धनंजय रामफल 27 नवंबर को होने वाली 25वीं हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) मंत्रिपरिषद की बैठक से शामिल होने के लिए नई दिल्ली आए हुए हैं।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए कहा कि मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफल से मिलकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख क्षेत्रों की समीक्षा की, जिसमें विशेष आर्थिक पैकेज के तहत हुई प्रगति भी शामिल है।
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने भारत और मॉरीशस के बीच उन्नत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके साथ ही भारत की विजन महासागर और पड़ोसी प्रथम नीति के तहत मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं को समर्थन देने पर सहमति जताई।
उल्लेखनीय है कि भारत और मॉरीशस के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय सहयोग और विकास संबंधी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। भारत की महासागर संबंधी पहल और पड़ोसी देशों के साथ सहयोग की नीति में मॉरीशस की अहम भूमिका है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार