Live VNS

भारत-नेपाल फोरेंसिक सहयोग: एनएफएसयू और नेपाल पुलिस के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

भारत-नेपाल फोरेंसिक सहयोग: एनएफएसयू और नेपाल पुलिस के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

गांधीनगर, 24 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की मौजूदगी में सोमवार को राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू), गांधीनगर और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के बीच फोरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग को लेकर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौता ज्ञापन पर एनएफएसयू के प्रभारी कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. ओ. जुनारे और नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय के सीओएससी विभाग के संयुक्त सचिव आनंद कफला ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर भारत और नेपाल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

यह समझौता फोरेंसिक शिक्षा, शोध, क्षमता निर्माण और वैज्ञानिक जांच के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इस मौके पर एनएफएसयू के प्रभारी कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. ओ. जुनारे ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शिक्षण, अनुसंधान, प्रशिक्षण और ज्ञान के आदान-प्रदान में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि सहयोग के तहत फोरेंसिक बायोलॉजी, फोरेंसिक केमिस्ट्री, टॉक्सिकोलॉजी, सीरोलॉजी, संदिग्ध दस्तावेजों की जांच और फिंगरप्रिंट विश्लेषण जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे दोनों देशों में फोरेंसिक पद्धतियों और आपराधिक न्याय प्रणाली के सुदृढ़ीकरण में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…