Live VNS

बालेन शाह की दिल्ली यात्रा: पुरानी डोर, नई उम्मीदें

बालेन शाह की दिल्ली यात्रा: पुरानी डोर, नई उम्मीदें

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- डॉ. मयंक चतुर्वेदी

नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। भारत और नेपाल का रिश्ता कूटनीतिक समझौतों और राजनीतिक समीकरणों से कहीं अधिक गहरा है। अयोध्या के राम और जनकपुर की सीता, काशी के विश्वनाथ और काठमांडू के पशुपतिनाथ, बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी और भारत की बौद्ध विरासत दोनों देशों को ऐसी साझा सांस्कृतिक चेतना से जोड़ते हैं, जिसकी जड़ें सदियों पुरानी हैं। खुली सीमा, रोटी-बेटी के संबंध, गोरखा सैनिकों की साझा सैन्य परंपरा और परस्पर निर्भर अर्थव्यवस्थाएं इस आत्मीयता को निरंतर मजबूती देती रही हैं।

दरअसल, ऐसे में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 'बालेन' की 22 नवंबर से शुरू हुई दो दिवसीय भारत यात्रा राजकीय औपचारिकता से बहुत अधिक आगे की है, क्योंकि बदलते क्षेत्रीय और वैश्विक परिदृश्य में दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों को नई दिशा देने का यह एक सुखद अवसर है।

नेपाल की राजनीति में बालेन शाह का उदय एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है। पेशे से इंजीनियर, रैपर के रूप में चर्चित और काठमांडू के महापौर के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले बालेन ने पारंपरिक राजनीतिक व्यवस्था से अलग एक नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को आवाज दी है। प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए भारत का चयन अपने आप में महत्वपूर्ण संदेश देता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा में 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल है। सोमवार को दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता और विभिन्न समझौतों के आदान-प्रदान की संभावना है। ऊर्जा परियोजनाओं के उद्घाटन और विकास सहयोग से जुड़े विषय भी बातचीत के केंद्र में रहेंगे। भारत के लिए यह अवसर नेपाल के नए नेतृत्व के साथ व्यक्तिगत और संस्थागत विश्वास विकसित करने का है। वहीं बालेन सरकार के लिए भारत के साथ संबंधों को व्यावहारिक आर्थिक उपलब्धियों से जोड़ने की यह सामने से की गई पहल है।

भारत-नेपाल संबंधों की सबसे मजबूत नींव साझा धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत है। नेपाल के जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में दोनों देशों के श्रद्धालु समान श्रद्धा से देखते हैं। रामायण में वर्णित विवाह प्रसंग ने इन दोनों नगरों को ऐसा सांस्कृतिक संबंध दिया है, जो पीढ़ियों से लोकगीतों, विवाह परंपराओं और धार्मिक अनुष्ठानों में जीवित है।

इसी प्रकार नेपाल का पशुपतिनाथ मंदिर और भारत का काशी विश्वनाथ मंदिर शैव परंपरा के दो महत्वपूर्ण केंद्र हैं। नेपाल के मुक्तिनाथ से लेकर भारत के बद्रीनाथ, केदारनाथ और अन्य तीर्थस्थलों तक श्रद्धालुओं का आवागमन धार्मिक निकटता को व्यापक बनाता है। बौद्ध परंपरा में लुंबिनी, बोधगया, सारनाथ और कुशीनगर एक साझा आध्यात्मिक यात्रा के पड़ाव हैं।

इन धार्मिक संबंधों को आर्थिक अवसरों से जोड़ने की भी व्यापक संभावना है। जनकपुर-अयोध्या रेल संपर्क इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल बन सकता है। लगभग 604 किलोमीटर की प्रस्तावित साप्ताहिक सेवा दोनों देशों के प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों को जोड़ने के साथ बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती शहरों को भी लाभ पहुंचा सकती है। इससे श्रद्धालुओं के आवागमन के साथ होटल, परिवहन, भोजन, स्थानीय हस्तशिल्प और पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलेगा।

नेपाल के जनकपुर स्थित जानकी मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना इस धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को दर्शाता है। यदि अयोध्या आने वाले भारतीय श्रद्धालुओं का छोटा-सा हिस्सा भी जनकपुर, पशुपतिनाथ और मुक्तिनाथ तक पहुंचने लगे तो नेपाल के पर्यटन क्षेत्र को उल्लेखनीय आर्थिक लाभ मिल सकता है। धार्मिक पर्यटन दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक कूटनीति का भी प्रभावी माध्यम बन सकता है।

भारत और नेपाल के बीच लगभग 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा विश्व के अनूठे अंतरराष्ट्रीय संबंधों में शामिल है। वर्ष 1950 की भारत-नेपाल शांति एवं मैत्री संधि ने दोनों देशों के नागरिकों को आवागमन, निवास, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों में विशेष सुविधाएं प्रदान कीं। नेपाली नागरिक भारत में रोजगार और शिक्षा के अवसर प्राप्त करते हैं, वहीं भारतीय नागरिक नेपाल में व्यापार और विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जुड़े हैं।

इस संबंध की वास्तविक ताकत सीमावर्ती गांवों में दिखाई देती है। बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अनेक परिवारों के सामाजिक और पारिवारिक रिश्ते नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हैं। विवाह संबंधों, पारिवारिक आयोजनों, धार्मिक उत्सवों और सांस्कृतिक परंपराओं ने दोनों देशों की सीमाओं को सामाजिक जीवन में काफी हद तक अप्रासंगिक बना दिया है।

दिल्ली, मुंबई, देहरादून, लखनऊ और पूर्वोत्तर के अनेक शहरों में नेपाली नागरिक रोजगार करते हैं। उनकी मेहनत भारतीय सेवा और निर्माण क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दूसरी ओर भारत में काम करने वाले नेपाली नागरिकों की आय नेपाल के परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करती है। इस तरह दोनों देशों के बीच मानवीय संपर्क किसी भी सरकारी समझौते से अधिक व्यापक सामाजिक आधार तैयार करता है।

भारत और नेपाल के संबंधों में सैन्य सहयोग का स्थान भी अत्यंत विशिष्ट है। भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंटें दोनों देशों की साझा बहादुरी, अनुशासन और विश्वास की प्रतीक हैं। वर्ष 1947 के भारत-नेपाल-ब्रिटेन त्रिपक्षीय समझौते के बाद से नेपाली मूल के युवाओं के लिए भारतीय सेना में सेवा के अवसर उपलब्ध रहे हैं। भारतीय सेना में गोरखा सैनिकों की वीरता का इतिहास अनेक युद्धों और सैन्य अभियानों में दर्ज है।

नेपाल में रहने वाले भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का भारत से भावनात्मक रिश्ता आज भी कायम है। पेंशन, चिकित्सा सुविधाएं और पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाएं इस संबंध को संस्थागत आधार प्रदान करती हैं। नेपाल में भारतीय सेना के एक लाख से अधिक पूर्व सैनिकों की मौजूदगी इस साझेदारी की व्यापकता बताती है। दूसरी ओर अग्निपथ योजना लागू होने के बाद गोरखा भर्ती का रुकना दोनों देशों के बीच एक संवेदनशील विषय बन गया था। नेपाल की चिंता चार वर्ष की सीमित सेवा अवधि और नियमित सैन्य सेवा से जुड़ी अनिश्चितताओं को लेकर रही है।

भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक आत्मीयता के बावजूद कुछ मुद्दे ऐसे हैं, जिनसे समय-समय पर संबंधों में तनाव पैदा हुआ है। कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा का सीमा विवाद इनमें सबसे प्रमुख है। वर्ष 2020 में नेपाल ने अपने राजनीतिक नक्शे में इन क्षेत्रों को शामिल किया था, जिस पर भारत ने आपत्ति जताई। भारत इन क्षेत्रों को उत्तराखंड का हिस्सा मानता है। इस विवाद ने दोनों देशों के बीच राजनीतिक संवाद को प्रभावित किया है। नेपाल में समय-समय पर उठने वाली राष्ट्रवादी भावनाएं और भारत की सुरक्षा संबंधी चिंताएं इस मुद्दे को संवेदनशील बनाती हैं। चीन के साथ नेपाल के बढ़ते संपर्कों के संदर्भ में भी भारत इस पूरे घटनाक्रम को रणनीतिक दृष्टि से देखता है। अब दोनों देशों के बीच सीमा का बड़ा हिस्सा निर्धारित हो चुका है। शेष विवादित क्षेत्रों को भी द्विपक्षीय तंत्र के माध्यम से सुलझाने की राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखानी होगी। बालेन सरकार ने भी इस विषय पर द्विपक्षीय समाधान की बात कही है। यह सकारात्मक संकेत है।

यहां कहना होगा कि भारत और नेपाल के आर्थिक संबंधों की गहराई व्यापार के आंकड़ों से स्पष्ट होती है। नेपाल के लिए भारत सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और प्रमुख पारगमन मार्ग है। वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच लगभग 9.38 अरब डॉलर का व्यापार होने का उल्लेख इस आर्थिक निकटता को रेखांकित करता है। नेपाल के निर्यात का बड़ा हिस्सा भारतीय बाजार तक पहुंचता है। खाद्य उत्पादों, कृषि वस्तुओं, बिजली, औद्योगिक सामान और दैनिक उपभोग की वस्तुओं के व्यापार में दोनों देश एक-दूसरे से जुड़े हैं।

नेपाल की भौगोलिक स्थिति उसे समुद्री व्यापार के लिए भारत के बंदरगाहों और परिवहन गलियारों पर निर्भर बनाती है, इसलिए सड़क, रेल और सीमा व्यापार से जुड़ा आधारभूत ढांचा नेपाल की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है। भारत के लिए भी नेपाल का बाजार, निवेश की संभावनाएं और हिमालयी क्षेत्र में आर्थिक सहयोग विशेष महत्व रखते हैं।

इस साझेदारी का सबसे उभरता हुआ क्षेत्र ऊर्जा है। नेपाल की नदियों में जलविद्युत उत्पादन की अपार क्षमता है, जबकि भारत को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा की बढ़ती आवश्यकता है। दोनों देशों के बीच बिजली व्यापार ने इस संभावनापूर्ण संबंध को व्यावहारिक रूप देना शुरू किया है। नेपाल भारत को बिजली निर्यात कर रहा है और आने वाले वर्षों में 10,000 मेगावाट तक बिजली आपूर्ति का लक्ष्य दोनों देशों की ऊर्जा साझेदारी को नई ऊंचाई दे सकता है।पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना सहित अन्य जलविद्युत परियोजनाओं पर प्रगति से नेपाल को राजस्व, रोजगार और औद्योगिक विकास के अवसर मिल सकते हैं। भारत को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध होगी।

नेपाल प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील देश है। भूकंप, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाएं वहां के आधारभूत ढांचे और अर्थव्यवस्था को प्रभावित करती रही हैं। वर्ष 2015 के विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए एक अरब डॉलर की सहायता प्रतिबद्धता जताई थी। इस सहयोग ने दोनों देशों के बीच विकास साझेदारी को मानवीय आयाम दिया। हाल के दिनों में भोटेकोशी-त्रिशूली क्षेत्र में आई बाढ़ से सड़क, पुल और जलविद्युत परियोजनाओं को हुए नुकसान ने पुनर्निर्माण की जरूरत को फिर रेखांकित किया है। नेपाल को इस दिशा में वित्तीय और तकनीकी सहायता की आवश्यकता है।

बालेन सरकार की प्राथमिकताओं में पुनर्निर्माण और आधारभूत ढांचे का विकास शामिल है। ऐसे में भारत की ओर से ऋण, अनुदान और तकनीकी सहयोग पर सकारात्मक निर्णय नेपाल की आर्थिक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। हवाई संपर्क भी द्विपक्षीय वार्ता का एक महत्वपूर्ण विषय है। नेपाल भैरहवा और पोखरा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का अधिक प्रभावी उपयोग करना चाहता है। इसके लिए अतिरिक्त हवाई प्रवेश मार्गों की आवश्यकता है। भारत की सहमति से नेपाल के पर्यटन और विमानन क्षेत्र को लाभ मिल सकता है। भारत के पर्यटकों के लिए भी नेपाल पहुंचना आसान होगा। इसी तरह सड़क, रेल, सीमा एकीकृत जांच चौकियों और व्यापारिक गलियारों का विस्तार दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को अधिक प्रभावी बना सकता है।

भारत और नेपाल के संबंधों को नई आर्थिक ऊंचाई देने में धार्मिक पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। अयोध्या और जनकपुर के बीच प्रस्तावित रेल संपर्क इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। रामायण सर्किट के माध्यम से भारत के अयोध्या, चित्रकूट, नासिक, हम्पी और रामेश्वरम जैसे स्थलों को नेपाल के जनकपुर से जोड़ने की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी प्रकार बौद्ध सर्किट के अंतर्गत लुंबिनी, बोधगया, सारनाथ और कुशीनगर को एक व्यापक पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे दोनों देशों के धार्मिक पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। नेपाल के होटल व्यवसाय, स्थानीय परिवहन, हस्तशिल्प, भोजन और छोटे कारोबार को भी इसका लाभ मिलेगा।

इस पहल का सामाजिक महत्व भी कम नहीं है। धार्मिक यात्राएं लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा, परंपराओं और जीवनशैली से परिचित कराती हैं। जनकपुर में विवाह पंचमी का आयोजन हो अथवा अयोध्या में रामनवमी का उत्सव, दोनों देशों के श्रद्धालुओं की भागीदारी साझा सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखती है।

बालेन शाह का नेतृत्व नेपाल की युवा पीढ़ी की उन अपेक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है, जो रोजगार, सुशासन, आर्थिक अवसर और विकास को प्राथमिकता देती हैं। ऐसे नेतृत्व के साथ भारत को भी अपने पारंपरिक कूटनीतिक दृष्टिकोण में व्यावहारिकता और दूरदर्शिता का समावेश करना होगा। नेपाल को ऊर्जा, पर्यटन, कृषि प्रसंस्करण, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भारतीय निवेश की आवश्यकता है। वहीं भारत के लिए नेपाल के साथ मजबूत आर्थिक साझेदारी हिमालयी क्षेत्र में स्थिरता और क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा दे सकती है।

इस यात्रा में तीन विषय विशेष महत्व रखते हैं। पहला, सीमा विवाद और अन्य राजनीतिक मतभेदों पर निरंतर संवाद। दूसरा, गोरखा भर्ती, पूर्व सैनिकों के हितों और पारंपरिक सैन्य सहयोग से जुड़े प्रश्नों का समाधान। तीसरा, ऊर्जा, पर्यटन, व्यापार और पुनर्निर्माण की परियोजनाओं को ठोस समयबद्ध परिणामों तक पहुंचाना। ऐसे में कहना यही होगा कि वास्तव में भारत और नेपाल की मित्रता की वास्तविक शक्ति उनकी साझा विरासत में है, जबकि उसका भविष्य आपसी विश्वास और आर्थिक साझेदारी पर निर्भर करेगा। बालेन शाह की दिल्ली यात्रा इस ऐतिहासिक संबंध को नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ाने का अवसर है।

सरकारें बदलती हैं, राजनीतिक नेतृत्व बदलता है और कूटनीतिक प्राथमिकताएं भी समय के साथ बदलती रहती हैं, मगर पशुपतिनाथ से काशी तक फैली आस्था, जनकपुर से अयोध्या तक जुड़ी राम-जानकी की स्मृति और दोनों देशों के परिवारों के बीच पीढ़ियों से चले आ रहे रिश्ते स्थायी हैं। वस्तु: इन संबंधों को आगे बढ़ाते रहना आज दोनों देशों की साझा जिम्मेदारी है। हम उम्मीद करें कि यदि बालेन शाह की यह यात्रा यदि ऐतिहासिक आत्मीयता को आधुनिक विकास, ऊर्जा सहयोग, व्यापार विस्तार और राजनीतिक विश्वास में बदलने में सफल होती है तो भारत-नेपाल संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत होना तय है। यही पुरानी डोर से जुड़ी नई उम्मीदों का वास्तविक अर्थ भी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…