वेनिस आर्ट बिएनाले में भारत का परचम, इंडिया पेवेलियन को मिला ‘विजिटर्स लायन’ पुरस्कार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली/वेनिस, 25 नवंबर (हि.स.)। भारतीय समकालीन कला ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। इटली के वेनिस में आयोजित 61वीं अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी ‘ला बिएनाले दी वेनेज़िया’ में इंडिया पेवेलियन को ‘सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय पेवेलियन’ के लिए प्रतिष्ठित ‘विजिटर्स लायन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। भारत को यह सम्मान उसकी कलात्मक प्रस्तुति ‘जियोग्राफीज ऑफ डिस्टेंस : रिमेंबरिंग होम’ के लिए मिला है।
छह महीने तक चली इस कला प्रदर्शनी का आयोजन 09 मई से 22 नवंबर 2026 तक किया गया। आयोजकों ने बुधवार को समापन के बाद पुरस्कारों की घोषणा की। इस वर्ष पहली बार शुरू किए गए ‘विजिटर्स लायन’ पुरस्कार दर्शकों के प्रत्यक्ष मतदान के आधार पर दिए गए। प्रदर्शनी देखने पहुंचे दर्शकों ने इसके दोनों प्रमुख स्थलों जियार्दिनी और आर्सेनाले का भ्रमण करने के बाद अपने पसंदीदा पेवेलियन और कलाकारों के पक्ष में मतदान किया।
ऐतिहासिक आर्सेनाले परिसर में स्थापित इंडिया पेवेलियन का आयोजन संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (एनजीएमए) ने किया था। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) ने इसकी कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ सच्चिदानंद जोशी ने इस सम्मान को भारतीय कला और सांस्कृतिक चेतना की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि दर्शकों के प्रत्यक्ष मतदान से मिला यह पुरस्कार विशेष महत्व रखता है। ‘जियोग्राफीज ऑफ डिस्टेंस : रिमेंबरिंग होम’ के माध्यम से स्मृति, प्रकृति और अपनी जड़ों से जुड़ाव जैसे विषयों को भारतीय कलात्मक दृष्टि से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों की विविध सांस्कृतिक और कलात्मक अभिव्यक्तियों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर दिया।
अमीन जाफर के क्यूरेटोरियल निर्देशन में तैयार इस पेवेलियन में पांच समकालीन कलाकारों अलवर बालासुब्रमण्यम, सुमाक्षी सिंह, रंजनी शेट्टर, असीम वाकिफ और स्कार्मा सोनम ताशी की कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। इन कलाकृतियों में स्मृति, प्रवासन, पदार्थ की प्रकृति और घर से जुड़े भावनात्मक अनुभवों को प्रमुखता दी गई। इनके माध्यम से लद्दाख से तमिलनाडु तक भारत के अलग-अलग भौगोलिक और सांस्कृतिक परिदृश्यों को कलात्मक रूप में सामने रखा गया।
इस प्रदर्शनी में अमेरिकी कलाकार निक केव को भी ‘सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी’ श्रेणी का ‘विजिटर्स लायन’ पुरस्कार मिला। उनकी प्रस्तुति ‘इन माइनर कीज़’ का क्यूरेशन दिवंगत क्यूरेटर कोयो कौओह ने किया था।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय