वॉलमार्ट पर हॉलिडे गिफ्टिंग, होम एंड लाइफस्टाइल ऑफरिंग्स का हिस्सा बने भारतीय उत्पाद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- फ्रेगरेंस, चाय और आभूषण से लेकर होम टेक्सटाइल्स एवं सीजनल डेकोर तक है उपलब्ध
नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में ग्राहक इन दिनों छुट्टियों और त्योहारों के मौसम की तैयारियों में जुटे हैं। इस अवसर पर भारतीय ब्रांड और विनिर्माता भी अमेरिकी बहुराष्ट्रीय खुदरा कंपनी वॉलमार्ट के व्यापक उत्पाद संग्रह का हिस्सा बनकर ग्राहकों को उपहार, घर की सजावट और रोजमर्रा के उपयोग के लिए कई विकल्प उपलब्ध करा रहे हैं।
वॉलमार्ट एंड सैम्स क्लब के एसवीपी के जनरल मर्चेंडाइज एंड फैशन सोर्सिंग अवनीश गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि परफ्यूम, चाय और आभूषणों से लेकर होम टेक्सटाइल्स, चमड़े के सामान और मौसमी सजावटी उत्पादों तक की पेशकश भारतीय ब्रांडों, शिल्प कौशल और विनिर्माण क्षमताओं की विविधता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ये उत्पाद वॉलमार्ट डॉट कॉम, वॉलमार्ट स्टोर्स और सैम्स क्लब समेत वॉलमार्ट के विभिन्न बिक्री माध्यमों से ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि भारतीय कंपनियां वॉलमार्ट के व्यापक नेटवर्क के जरिए किस तरह अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों तक अपने उत्पाद पहुंचा रही हैं।
अवनीश गुप्ता ने कहा कि भारत की विनिर्माण क्षमताएं और नवाचार वॉलमार्ट की वैश्विक सप्लाई चेन के लिए लगातार अधिक महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं। होम एवं अपैरल से लेकर फूड, वेलनेस और जनरल मर्चेंडाइज तक विभिन्न उत्पाद श्रेणियों में भारत की ये क्षमताएं दिखाई देती हैं। इस हॉलिडे सीजन में ये क्षमताएं हमें ग्राहकों की अपेक्षाओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उत्पाद, बेहतर कीमत और व्यापक विकल्प उपलब्ध कराने में मदद कर रही हैं।
वॉलमार्ट मार्केटप्लेस के इंडिया हेड (क्रॉस बॉर्डर ट्रेड) अशिन मैथ्यू ने कहा कि भारतीय सेलर्स के पास ग्राहकों की बदलती प्राथमिकताओं के अनुरूप कदम उठाने की क्षमता, उत्पादों की विविधता और उत्कृष्ट शिल्प क्षमता है। वॉलमार्ट मार्केटप्लेस उन्हें अपने ब्रांड्स एवं अपनी विशेषज्ञता को बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के समक्ष पेश करने में सक्षम बनाता है। हॉलिडे सीजन के दौरान इस पहुंच से उन्हें गिफ्टिंग एवं लाइफस्टाइल की बड़ी रेंज के साथ ग्राहकों से जुड़ने में मदद मिलती है।’
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर