Live VNS

राजस्थान की तीन खिलाड़ी भारतीय महिला हैंडबॉल टीम में चयनित

राजस्थान की तीन खिलाड़ी भारतीय महिला हैंडबॉल टीम में चयनित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। कजाकिस्तान के अल्माटी में 3 दिसंबर तक आयोजित हो रही 21वीं एशियाई सीनियर महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में राजस्थान की तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। टीना, मनीषा जाट और कशिश शर्मा भारतीय महिला हैंडबॉल टीम का हिस्सा हैं। भारतीय टीम रविवार को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अल्माटी पहुंच गई।

राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के मानद सचिव यश प्रताप सिंह ने बताया कि श्रीगंगानगर की टीना का चयन पीवट पोजिशन और भीलवाड़ा की मनीषा जाट का चयन राइट बैक पोजिशन के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी राजस्थान राज्य खेल परिषद की महिला हैंडबॉल अकादमी (आरएसएससी) की पूर्व खिलाड़ी हैं और वर्तमान में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कार्यरत हैं। वहीं, सीकर की कशिश शर्मा लेफ्ट विंग पोजिशन पर खेलती हैं। वह वर्तमान में राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की ओर से जयपुर में संचालित महिला हैंडबॉल अकादमी की खिलाड़ी हैं।

यश प्रताप सिंह ने बताया कि भारतीय टीम का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 11 से 20 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश स्थित मोरसिंगी हैंडबॉल नर्सरी में आयोजित किया गया था। शिविर में खिलाड़ियों ने चैंपियनशिप की तैयारियां कीं।

तीनों खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन पर राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष ललित कुमार कलाल, मानद सचिव यश प्रताप सिंह सहित संघ की पूरी कार्यकारिणी ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि राजस्थान की ये खिलाड़ी एशियाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…