(लीड) देश की इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात अप्रैल–सितंबर छमाही के दौरान 44 फीसदी बढ़कर 31.97 अरब डॉलर पहुंचा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। अर्थव्यवस्था के र्मोचे पर अच्छी खबर है। देश की इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहली छमाही अप्रैल–सितंबर के दौरान 44 फीसदी बढ़कर 31.97 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की समान अवधि में यह निर्यात 22.20 अरब डॉलर रहा था। स्मार्टफोन का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में सबसे बड़ा हिस्सा बना रहा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक यह वृद्धि कम्पोनेंट, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड, संचार उपकरणों, मेमोरी उत्पादों और स्टोरेज उपकरणों सहित कई क्षेत्रों में देश के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात के विस्तार और विविधीकरण को दर्शाती है। स्मार्टफोन (एचएस 85171300) का निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल–सितंबर अवधि के 13.38 अरब डॉलर से बढ़कर वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल–सितंबर अवधि में 18.17 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो 35.8 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है। हालांकि, अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स श्रेणियों में तेज वृद्धि की वजह से कुल इलेक्ट्रॉनिक सामान के निर्यात में स्मार्टफोन की हिस्सेदारी 60.3 फीसदी से घटकर 56.8 फीसदी हो गई।
मंत्रालय ने कहा कि गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स के निर्यात में भी 56.5 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। यह इस अवधि के दौरान 8.81 अरब डॉलर से बढ़कर 13.79 अरब डॉलर हो गया। इसके परिणामस्वरूप, कुल इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के निर्यात में गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स की हिस्सेदारी 39.7 फीसदी से बढ़कर 43.2 फीसदी हो गई, जो भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात के दायरे में विस्तार को दर्शाती है। मंत्रालय के अनुसार माउंटेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (एचएस 84733030) से संबंधित पुर्जों और सहायक उपकरणों का निर्यात 63.3 मिलियन डॉलर से बढ़कर 2.10 अरब डॉलर हो गया है, जिसमें 3,219 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। सिंगापुर 1.87 अबर डॉलर के निर्यात के साथ प्रमुख गंतव्य रहा, जिसके बाद चीन 111.5 मिलियन डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक पॉपुलेटेड, लोडेड यानी स्टफ्ड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (एचएस 85177910) के निर्यात में भी उल्लेखनीय 304 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। इसका निर्यात 213.7 मिलियन डॉलर से बढ़कर 864.1 मिलियन डॉलर हो गया। चीन 789.2 मिलियन डॉलर के निर्यात के साथ प्रमुख गंतव्य रहा, जबकि हांगकांग को निर्यात 5.9 मिलियन डॉलर से बढ़कर 25.3 मिलियन डॉलर हो गया। इसके अलावा नेटवर्क ट्रांसमिशन और रूटिंग उपकरण (एचएस 85176290) के निर्यात में लगभग दोगुनी वृद्धि दर्ज की गई है। यह 98 फीसदी बढ़कर 732.9 मिलियन डॉलर से 1.45 अरब डॉलर हो गया। वहीं, हांगकांग में निर्यात में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई है, जो 264.7 मिलियन डॉलर से बढ़कर 857.7 मिलियन डॉलर हो गया।
मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका और नीदरलैंड भी महत्वपूर्ण निर्यात गंतव्य रहे, जहां क्रमशः 130.9 मिलियन डॉलर और 124.4 मिलियन डॉलर का निर्यात किया गया। मेमोरी इंटीग्रेटेड सर्किट (एचएस 85423200) के निर्यात में 2,333 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है, जो 23.1 मिलियन डॉलर से बढ़कर 562.4 मिलियन डॉलर हो गया। मलेशिया 390.8 मिलियन डॉलर के निर्यात के साथ सबसे बड़ा गंतव्य बनकर उभरा, जिसके बाद सिंगापुर 102.4 मिलियन डॉलर और हांगकांग 25.2 मिलियन डॉलर के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
इसी प्रकार, सॉलिड-स्टेट नॉन-वोलेटाइल स्टोरेज डिवाइस (एचएस 85235100) का निर्यात 1,680 फीसदी बढ़कर 14.6 मिलियन डॉलर से 260.5 मिलियन डॉलर हो गया। चीन 108.6 मिलियन डॉलर के निर्यात के साथ प्रमुख गंतव्य रहा, जिसके बाद सिंगापुर 76.8 मिलियन डॉलर, हांगकांग 22.3 मिलियन डॉलर और अमेरिका 20.7 मिलियन डॉलर के साथ रहे। मंत्रालय ने कहा कि प्रिंटेड सर्किट बोर्ड, संचार उपकरण, मेमोरी इंटीग्रेटेड सर्किट और सॉलिड-स्टेट स्टोरेज डिवाइस के निर्यात में विस्तार के साथ-साथ सिंगापुर, चीन, हांगकांग और मलेशिया जैसे बाजारों में बढ़ते निर्यात से भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात की वृद्धि में इन क्षेत्रों के बढ़ते योगदान का पता चलता है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में यह वृद्धि निर्यात उत्पादों की बढ़ती विविधता को दर्शाती है। गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स के निर्यात में अधिक तेज वृद्धि दर्ज की गई और कुल निर्यात में उनकी हिस्सेदारी भी बढ़ी है। हालांकि, स्मार्टफोन 18.17 अरब डॉलर के निर्यात के साथ सबसे बड़ा घटक बने रहे, लेकिन गैर-स्मार्टफोन क्षेत्र में अधिक मजबूत वृद्धि दर्ज की गई, जिससे कुल इलेक्ट्रॉनिक सामान के निर्यात में इसका योगदान बढ़ा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पवन कुमार