प्रमुख मानवतावादी ग्रासा माचेल इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण एवं विकास पुरस्कार से सम्मानित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को ग्रासा माचेल को वर्ष 2025 का इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण एवं विकास पुरस्कार प्रदान किया। दिवंगत नेल्सन मंडेला की पत्नी, मोजाम्बिक की पूर्व शिक्षा मंत्री और प्रमुख मानवतावादी ग्रासा माचेल को यह पुरस्कार शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक सशक्तिकरण और संघर्ष क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए प्रदान किया गया है।
इस अवसर पर सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने लोगों, विशेषकर वंचितों की गरिमा और कल्याण में प्रगति देखी और उनका मानना था कि राजनीतिक स्वतंत्रता से उनके जीवन में सार्थक परिवर्तन आना चाहिए। इसी तरह से दशकों तक फैला मैडम ग्रासा माचेल का जीवन और कार्य राष्ट्रीय सीमाओं को पार कर इन आदर्शों का सशक्त प्रतिबिंब है।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी और मैडम ग्रासा माचेल दोनों ही लोगों की अपने भविष्य को गढ़ने की शक्ति में विश्वास करती थीं। उनका जीवन हमें याद दिलाता है कि नेतृत्व का माप अन्याय को चुनौती देने के साहस और परिवर्तन लाने की प्रतिबद्धता से होता है। मैडम ग्रासा माचेल को सम्मानित करके, हम साहस, करुणा और सेवा के एक जीवन का जश्न मनाते हैं। उनका उदाहरण हमें एक ऐसे विश्व के निर्माण के लिए प्रेरित करे जिसमें प्रत्येक बच्चा, प्रत्येक महिला और प्रत्येक समुदाय सम्मान, अवसर और आशा के साथ जीवन यापन कर सके।
वहीं, ग्रासा माचेल ने कहा कि इंदिरा गांधी के नाम पर दिए जाने वाले इस पुरस्कार को प्राप्त करना सौभाग्य की बात है। उन्हें उनसे मिलने का भी अवसर मिला है। भारत के लोगों ने स्वतंत्रता की यात्रा में अफ्रीका के साथ बहुत कुछ साझा किया है। यह सौभाग्य उनके लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत महत्व रखती है। उन्होंने कहा, “जीवन में कुछ ऐसे क्षण होते हैं जो हमारी भावनाओं को हमारी समझ से परे गहराई से प्रभावित करते हैं। मेरे लिए, यह उन्हीं क्षणों में से एक है।”
उल्लेखनीय है कि इस पुरस्कार में 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी शामिल है और इसका चयन पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन की अध्यक्षता वाली एक अंतरराष्ट्रीय जूरी द्वारा समान वैश्विक विकास को बढ़ावा देने के लिए किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा